हाजीपुर: बिहार के हाजीपुर जिले के बेलसर थाना क्षेत्र स्थित मिश्रौलिया गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 32 वर्षीय युवक का शव आम के बाग में पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी विनोद मिश्रा के पुत्र कुंदन कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह बगीचे की ओर गए ग्रामीणों ने पेड़ से लटका शव देखा। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने शव की पहचान कुंदन कुमार के रूप में की और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों का कहना है कि कुंदन की हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटकाया गया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा दिखाई दे। हालांकि, उन्होंने अभी तक किसी व्यक्ति पर सीधे तौर पर आरोप नहीं लगाया है। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
सूचना मिलने पर बेलसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया। एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुंदन का अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था और पत्नी कई वर्षों से मायके में रह रही थी। इस वजह से वह मानसिक तनाव में था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


