नवादा, बिहार: बिहार के नवादा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के खानापुर गांव में एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी। इतना ही नहीं, पत्नी को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आए उसके भाई पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दर्दनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
वारिसलीगंज के खानापुर गांव में हुई वारदात
मृतका की पहचान खानापुर गांव निवासी उपेंद्र सिंह की 27 वर्षीय पुत्री पूजा कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पूजा की शादी वर्ष 2018 में चैनपुरा गांव निवासी चंद्र मौली सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों की एक बेटी भी हुई थी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार को एक मामूली बात को लेकर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पूजा के साथ मारपीट शुरू कर दी। अपनी जान बचाने के लिए पूजा ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और स्थानीय पुलिस को फोन कर मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला को सुरक्षित निकालकर उसके मायके खानापुर गांव पहुंचा दिया था।
अगले ही दिन ससुराल पहुंचकर किया हमला
शुक्रवार दोपहर आरोपी चंद्र मौली सिंह अपने भाई के साथ पत्नी के मायके पहुंचा। वहां पहुंचते ही उसने पूजा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान बहन को बचाने पहुंचे उसके भाई पर भी आरोपी ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद दोनों को आनन-फानन में वारिसलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान पूजा कुमारी की मौत हो गई, जबकि उसके भाई की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति चंद्र मौली सिंह को वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिता ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप
मृतका के पिता उपेंद्र सिंह ने अपने दामाद और उसके परिवार पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को शादी के बाद से ही लगातार परेशान किया जाता था। करीब चार महीने पहले भी दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था। गुरुवार रात को हुए विवाद के बाद पुलिस की मदद से पूजा को मायके लाया गया था, लेकिन अगले ही दिन आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।


