41.3 C
Agra
Homeआगरारिश्तों का खौफनाक अंत: भाभी से अवैध संबंधों के चलते भाई ने...

रिश्तों का खौफनाक अंत: भाभी से अवैध संबंधों के चलते भाई ने की सगे भाई की हत्या

भाई बना कातिल! भाभी के प्यार में अंधे युवक ने उतारा बड़े भाई को मौत के घाट

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित सुल्तानपुरा में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि रेस्तरां कर्मचारी अमित उर्फ सोमू की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके सगे छोटे भाई भोलू ने की थी। पुलिस जांच में सामने आया कि भोलू के अपनी भाभी खुशी के साथ कथित अवैध संबंध थे और अमित उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था।

खेत में मिला था अमित का शव

बुधवार सुबह सुल्तानपुरा इलाके के एक खेत में 22 वर्षीय अमित उर्फ सोमू का खून से लथपथ शव मिला था। मृतक आगरा कैंट क्षेत्र के एक रेस्तरां में काम करता था। शव पर सिर में गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे साफ था कि किसी भारी वस्तु से हमला किया गया था। शुरुआती जांच में परिवार की ओर से हत्या का शक अमित के एक सहकर्मी पर जताया गया था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

CCTV फुटेज से सामने आया सच

पुलिस द्वारा खंगाली गई सीसीटीवी फुटेज में अमित के घर से निकलने के कुछ समय बाद उसका भाई भोलू भी उसके पीछे जाता दिखाई दिया। वहीं दूसरी फुटेज में घटना के बाद भोलू को घबराई हुई हालत में मौके से भागते हुए देखा गया। अंतिम संस्कार के बाद पुलिस ने भोलू से सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद उसने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली।

चार महीने पहले हुई थी शादी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अमित की शादी इसी साल 19 फरवरी को खुशी नामक युवती से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही भोलू और खुशी के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों कथित तौर पर अवैध संबंध में आ गए। तीन दिन पहले अमित ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद भाइयों के बीच विवाद भी हुआ था। इसी विवाद के बाद अमित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।

खेत में ले जाकर की हत्या

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन अमित काम पर जाने के लिए निकला था। भोलू भी चुपचाप उसका पीछा करता रहा। रास्ते में अमित एक खेत में रुका, जहां भोलू ने पीछे से हमला कर दिया। आरोपी ने पहले पत्थर से अमित के सिर और चेहरे पर कई वार किए। जब वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा, तब गमछे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की और घर लौटकर सामान्य व्यवहार करता रहा।

रोने का नाटक कर पुलिस को किया गुमराह

हत्या के बाद भोलू परिवार और आसपास के लोगों के बीच पहुंच गया और शोक जताने का नाटक करता रहा। इतना ही नहीं, उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए हत्या का शक मृतक के सहकर्मी पर डालने की भी कोशिश की। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ में मिले तथ्यों ने उसकी पूरी कहानी उजागर कर दी।

भाभी की भूमिका भी जांच के घेरे में

जांच के दौरान पुलिस को खुशी के व्यवहार पर भी संदेह हुआ। सूत्रों के मुताबिक, पति की मौत के बाद भी उसकी गतिविधियां सामान्य दिखाई दीं। वहीं पूछताछ की आहट मिलते ही उसने आत्महत्या का प्रयास भी किया, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचा लिया। पुलिस अब मामले में खुशी की कथित भूमिका की भी गहन जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे आरोपी बनाए जाने की तैयारी की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments