36.6 C
Agra
HomeदेशNTA ने छात्रों से कहा- अफवाहों से बचें, 21 जून को तय...

NTA ने छात्रों से कहा- अफवाहों से बचें, 21 जून को तय समय पर होगी परीक्षा

नई दिल्ली: NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा से पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने उम्मीदवारों को महत्वपूर्ण संदेश जारी करते हुए शांत रहने और सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों से दूर रहने की सलाह दी है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि 21 जून को होने वाली री-एग्जाम अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी और इसे टालने की कोई योजना नहीं है। NTA ने बुधवार को अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि परीक्षा में अब केवल तीन दिन शेष हैं। ऐसे समय में छात्रों को अपनी तैयारी और प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, न कि परीक्षा स्थगित होने जैसी अफवाहों पर।

“अपनी मेहनत पर भरोसा रखें” – NTA

एजेंसी ने उम्मीदवारों को संबोधित करते हुए कहा, “आपने लंबे समय तक मेहनत की है और अब अपनी तैयारी पर विश्वास रखने का समय है। शांत रहें, पर्याप्त आराम करें और परीक्षा में अपना सर्वश्रेष्ठ देने पर फोकस करें।” NTA ने दोहराया कि परीक्षा तय तारीख और समय पर ही आयोजित होगी। छात्रों से केवल आधिकारिक नोटिफिकेशन और विश्वसनीय स्रोतों पर भरोसा करने की अपील की गई है।

पेपर लीक के बाद सुरक्षा व्यवस्था और सख्त

NTA ने बताया कि 3 मई को आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा पेपर लीक के कारण रद्द कर दी गई थी। उसी के स्थान पर अब 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की जा रही है। एजेंसी का कहना है कि इस बार परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की गई है। NTA ने कहा कि संबंधित मंत्रालयों, राज्य सरकारों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है ताकि परीक्षा निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

एजेंसी ने चेतावनी देते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने या किसी प्रकार की अनियमितता फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। NTA के अनुसार, ईमानदार और मेहनती छात्रों के हितों की रक्षा करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पिछली गलती से लिया सबक

NTA ने कहा कि पेपर लीक के बाद परीक्षा रद्द करने का निर्णय पूरी तरह छात्रों के हित में लिया गया था। एजेंसी ने दावा किया कि पिछली घटना से मिले अनुभवों और कमियों को नई व्यवस्था में शामिल किया गया है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनी रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments