उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। रविवार देर रात एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, इस जघन्य वारदात में 16 वर्षीय किशोर पर अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की हत्या करने का आरोप है।
सोते समय किया गया हमला
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और उनका तीन वर्षीय बेटा रेयान गुप्ता रविवार रात घर के कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी किशोर ने कथित तौर पर धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमला इतना भयावह था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक अमित गुप्ता के पिता ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह?
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी ने बताया कि रात करीब तीन बजे घटना की सूचना मिली थी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है।
गांव में शोक और नाराजगी
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सोमवार सुबह घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों में घटना को लेकर दुख के साथ-साथ गहरा आक्रोश भी देखने को मिला।
एफआईआर दर्ज, जांच जारी
मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर बांसगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।


