33.8 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशपति की दूसरी शादी के शक में महिला ने तीन बच्चों को...

पति की दूसरी शादी के शक में महिला ने तीन बच्चों को जहर खिलाकर खुद भी खाया जहर, मां समेत तीन की मौत

मिर्जापुर। जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद से आहत एक महिला ने अपने तीन मासूम बच्चों को कथित तौर पर जहर खिलाने के बाद खुद भी जहर खा लिया। इस दर्दनाक हादसे में महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, परसौना गांव निवासी कुसुम (38) ने अपने तीन बच्चों मधु (12 वर्ष), राधिका (10 वर्ष) और सत्या (8 वर्ष) को जहर खिलाने के बाद स्वयं भी जहरीला पदार्थ खा लिया। चारों की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) मड़िहान लेकर पहुंचे। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

इलाज के दौरान मां और दो बच्चों की मौत

जिला अस्पताल में उपचार के दौरान कुसुम और उसकी बेटी राधिका ने दम तोड़ दिया। वहीं, बच्चों मधु और सत्या की हालत नाजुक होने पर उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। जहां इलाज के दौरान सत्या की भी मौत हो गई। फिलहाल मधु की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।

पति की दूसरी शादी के शक में उठाया आत्मघाती कदम

मृतका कुसुम के भाई छोटू, जो संतनगर थाना क्षेत्र के कुसुम्हा गांव के निवासी हैं, ने बताया कि कुसुम का पति धर्मेंद्र दिल्ली में रहकर काम करता है। चार दिन पहले वह घर आया था। कुसुम को शक था कि धर्मेंद्र ने दूसरी शादी कर ली है, जिसे लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों के अनुसार, 12 जुलाई को शीतलगढ़ गांव में पूर्व ग्राम प्रधान के घर दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था। तय हुआ था कि धर्मेंद्र 13 जुलाई को कुसुम को अपने साथ विदा कराकर ले जाएगा। हालांकि, धर्मेंद्र घर आया और बिना पत्नी को साथ लिए वापस चला गया। इसी बात से आहत होकर कुसुम ने कथित तौर पर यह खौफनाक कदम उठा लिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments