34.6 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशइटावा में युवक की संदिग्ध मौत, घर के अंदर फंदे पर मिला...

इटावा में युवक की संदिग्ध मौत, घर के अंदर फंदे पर मिला शव; पत्नी और कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित तोड़ा गांव में रविवार देर रात एक 35 वर्षीय युवक का शव उसके घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए पत्नी, उसके कथित प्रेमी और कुछ अन्य लोगों पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है और मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

प्रॉपर्टी डीलिंग और ईंट-भट्ठे का काम करता था मृतक

पुलिस के अनुसार, तोड़ा गांव निवासी आनंद राजपूत उर्फ महबूब (35) प्रॉपर्टी डीलिंग के साथ-साथ चौगान गांव स्थित एक ईंट-भट्ठे में पार्टनर के रूप में कार्य करता था। वर्ष 2013 में उसकी शादी इकदिल थाना क्षेत्र के नगला जैक गांव निवासी आशिकी से हुई थी। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा हैं।

परिजनों का आरोप- हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया

मृतक के पिता सुघर सिंह राजपूत का आरोप है कि रविवार रात करीब 10 बजे आनंद घर लौटा था। उनका कहना है कि भोर के समय करीब छह लोग घर में घुसे, आनंद की हत्या की और वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर की ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन आनंद को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पत्नी के कथित प्रेम प्रसंग को लेकर लगाया हत्या का आरोप

परिजनों का आरोप है कि आनंद की पत्नी का गांव के ही एक युवक शिवम से कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था। उनका कहना है कि करीब तीन महीने पहले आनंद ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को जेल भेजा था। परिजनों का दावा है कि इसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

पत्नी ने भी अज्ञात लोगों पर लगाया हत्या का आरोप

मृतक की पत्नी आशिकी ने पुलिस को बताया कि वह रात में अपने दो छोटे बच्चों के साथ छत पर सो रही थी, जबकि बड़ी बेटी अपनी दादी के पास थी। उसके अनुसार, देर रात छोटी बेटी को शौच कराने के लिए उठी तो उसने गांव के एक युवक के साथ तीन-चार अन्य लोगों को घर से निकलते देखा। उसका दावा है कि उन्हीं लोगों ने उसके पति की हत्या की है।

सीसीटीवी फुटेज भी जांच के दायरे में

मृतक के चचेरे भाई मेहरवान सिंह ने बताया कि विक्रमपुर गांव में एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रात 12:05 बजे दो वाहनों पर सवार तीन संदिग्ध लोग दिखाई दिए हैं। वहीं, बड़ी बेटी ने भी रात करीब 1:30 बजे घर का दरवाजा खुला देखा और अंदर जाने पर पिता का शव फंदे से लटका मिला।

पुलिस का बयान

इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments