34.6 C
Agra
Homeदेशयमुना एक्सप्रेसवे पर बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा की कार में लगी आग,...

यमुना एक्सप्रेसवे पर बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा की कार में लगी आग, परिवार बाल-बाल बचा

यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा टला, अभिनव अरोड़ा का परिवार सुरक्षित

वृंदावन से दिल्ली लौट रहे प्रसिद्ध बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा और उनका परिवार रविवार देर रात एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। यमुना एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन-84 के पास उनकी चलती कार में अचानक आग लग गई। हालांकि, चालक रहे उनके पिता की सूझबूझ से पूरे परिवार को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

चलती कार से उठने लगा धुआं

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के विकासपुरी निवासी तरुण अरोड़ा अपनी पत्नी ज्योति अरोड़ा, बेटे अभिनव अरोड़ा और बेटी मन्नत अरोड़ा के साथ डस्टर कार से वृंदावन से दिल्ली लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार मथुरा जिले के सुरीर थाना क्षेत्र में गांव नगला बरी के पास माइल स्टोन-84 पर पहुंची, वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए तरुण अरोड़ा ने तुरंत कार को एक्सप्रेसवे के किनारे सुरक्षित स्थान पर रोक दिया और पूरे परिवार को बाहर निकाल लिया।

देखते ही देखते आग की चपेट में आई पूरी कार

परिवार के बाहर निकलते ही आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में वाहन और उसमें रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। परिवार को इतना भी समय नहीं मिला कि वे कार के अंदर रखा अपना सामान बाहर निकाल पाते।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड

घटना की जानकारी मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे की इमरजेंसी टीम, सुरीर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। इसके बाद परिवार को दूसरे वाहन से सुरक्षित दिल्ली रवाना किया गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

मंत्र जाप का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

हादसे के दौरान बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा सड़क किनारे खड़े होकर मंत्रों का जाप करते दिखाई दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments