राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया सम्मानित, हाथरस की तीन छात्राओं ने जीते स्वर्ण पदक
- 395 कॉलेजों के बीच हाथरस की तीन छात्राओं ने मारी बाजी, विश्वविद्यालय में किया टॉप
- पीसी बागला महाविद्यालय की तीन छात्राओं ने जीते गोल्ड मेडल, हाथरस का बढ़ाया मान
हाथरस: राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ के तीसरे दीक्षांत समारोह में हाथरस की तीन प्रतिभाशाली छात्राओं ने जिले का मान बढ़ाया। पीसी बागला महाविद्यालय की छात्रा शाल्वी बाल्यान ने एमए अर्थशास्त्र, बबली सेंगर ने एमए राजनीति विज्ञान और रिचा गर्ग ने एमकॉम में विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। तीनों छात्राओं को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने सम्मानित किया। विश्वविद्यालय से संबद्ध 395 महाविद्यालयों के हजारों विद्यार्थियों के बीच हाथरस की तीन छात्राओं का स्वर्ण पदक जीतना जिले के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। सम्मान मिलने के बाद छात्राओं के परिवार, शिक्षकों और महाविद्यालय में खुशी का माहौल है। पीसी बागला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महावीर सिंह छौंकर ने इसे संस्थान के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए विद्यार्थियों से समर्पण और नियमित अध्ययन के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
प्रोफेसर बनने का सपना लेकर आगे बढ़ रहीं शाल्वी
शहर के इगलास रोड निवासी शाल्वी बाल्यान ने बिना किसी कोचिंग के नियमित अध्ययन के दम पर एमए अर्थशास्त्र में विश्वविद्यालय में पहला स्थान हासिल किया। उनका लक्ष्य उच्च शिक्षा प्राप्त कर प्रोफेसर बनना है। उनके पिता सतेंद्र कुमार सिंह व्यापारी होने के साथ पूर्व बीडीसी सदस्य हैं, जबकि माता माधवी सिंह गृहिणी हैं।
बबली सेंगर ने राजनीति विज्ञान में किया टॉप
सासनी क्षेत्र के गांव नगला सेवा निवासी बबली सेंगर ने एमए राजनीति विज्ञान में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने स्नातक और परास्नातक दोनों की पढ़ाई पीसी बागला महाविद्यालय से पूरी की। बबली ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और परिवार को देते हुए कहा कि राज्यपाल के हाथों सम्मानित होना उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण पल है।
एमकॉम में रिचा गर्ग बनीं गोल्ड मेडलिस्ट
शहर की शिव कॉलोनी, चामड़ गेट निवासी रिचा गर्ग ने एमकॉम में विश्वविद्यालय में शीर्ष स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। रिचा का सपना पीएचडी पूरी कर प्रोफेसर बनने का है। उनके पिता दिलीप कुमार गर्ग नौकरी करते हैं, जबकि माता कमलेश गर्ग गृहिणी हैं। सम्मान समारोह में रिचा अपनी माता और भाई पुलकित गर्ग के साथ शामिल हुईं।
जिले के लिए प्रेरणा बनीं तीनों बेटियां
एक ही महाविद्यालय की तीन छात्राओं का अलग-अलग विषयों में विश्वविद्यालय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना न केवल पीसी बागला महाविद्यालय बल्कि पूरे हाथरस जिले के लिए गौरव की बात है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।


