आजमगढ़: जिले में लगातार बढ़ रही ई-रिक्शा और बैटरी चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। शहर कोतवाली पुलिस, विशेष अपराध नियंत्रण टीम, चोरी अनावरण टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य की आठ चोरी की ई-रिक्शा, 36 बैटरियां और चोरी में इस्तेमाल होने वाली एक मास्टर-की बरामद की गई है।
एसपी के निर्देश पर बनी थी विशेष टीम
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि शहर कोतवाली और सिधारी थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से ई-रिक्शा चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। इन मामलों के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने मंगलवार तड़के करीब एक बजे मोहटी घाट क्षेत्र में छापेमारी कर मो. मिजान, अखिलेश यादव उर्फ समीर यादव, विनोद जायसवाल, योगेश्वर जायसवाल, बृजेश कुमार गुप्ता और तबस्सुम को गिरफ्तार किया।
महिला सदस्य करती थी रेकी, मास्टर-की से होती थी चोरी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देता था। महिला सदस्य तबस्सुम शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर बिना निगरानी खड़ी नई ई-रिक्शाओं की पहचान करती थी। इसके बाद वह अन्य सदस्यों को सूचना देती थी। आरोपी मास्टर-की की मदद से ई-रिक्शा चोरी कर उसे सुनसान स्थान पर ले जाते, जहां बैटरियां और अन्य कीमती पार्ट्स निकाल लिए जाते थे। बाद में बैटरियां अलग से बेच दी जाती थीं, जबकि ई-रिक्शा को कबाड़ या अन्य माध्यमों से ठिकाने लगा दिया जाता था। चोरी से मिले पैसे गिरोह के सभी सदस्य आपस में बराबर बांट लेते थे।
8 ई-रिक्शा, 36 बैटरियां और मास्टर-की बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आठ चोरी की ई-रिक्शा, 36 बैटरियां और एक मास्टर-की बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने शहर कोतवाली और सिधारी थाना क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस का मानना है कि गिरोह से पूछताछ के बाद अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई गंभीर मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अखिलेश यादव उर्फ समीर यादव के खिलाफ पहले से चोरी, शस्त्र अधिनियम और पॉक्सो समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
उत्कृष्ट कार्य पर पुलिस टीम को मिलेगा सम्मान
वाहन चोरी की घटनाओं के सफल खुलासे पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी को प्रशस्ति-पत्र देने की घोषणा की है। इसके साथ ही संयुक्त पुलिस टीम को उत्कृष्ट कार्य के लिए 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की भी घोषणा की गई है।


