रामनगर/नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर स्थित सांवल्दे क्षेत्र के एक्रोन रिजॉर्ट में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित देह व्यापार, अवैध शराब पार्टी और अश्लील गतिविधियों का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त पुलिस टीम की छापेमारी के दौरान 52 पुरुषों और एक नाबालिग सहित 10 महिलाओं को हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के दौरान रिजॉर्ट का महाप्रबंधक मौके से फरार हो गया, जबकि प्रशासन ने रिजॉर्ट को सील कर दिया है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के साथ ही फरार जीएम के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम, आबकारी अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच जारी है।
मेरठ का कारोबारी निकला मुख्य आरोपी
पुलिस जांच में मुख्य आरोपी की पहचान मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र के मुल्ताननगर निवासी उमेंद्र के रूप में हुई है। उसके साथ करीमनगर निवासी मेहराजुद्दीन भी पार्टी में शामिल था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि उमेंद्र का मेरठ, बुलंदशहर समेत अन्य स्थानों पर कीटनाशक और कृषि उपकरणों का कारोबार है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कई राज्यों और विदेशों से महिलाओं को पार्टी में बुलाने की व्यवस्था की थी। उसने मेरठ से ऑनलाइन बुकिंग कराई थी और करीब 10 दिन पहले रामनगर पहुंचकर एक्रोन रिजॉर्ट में 2.20 लाख रुपये जमा कराए थे।
कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए आयोजित की गई थी पार्टी
पूछताछ के दौरान उमेंद्र ने बताया कि यह पार्टी उसकी कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। उसने रिजॉर्ट के महाप्रबंधक लखेंद्र चौधरी से संपर्क कर शराब, महिलाओं और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था करने को कहा था।पुलिस के मुताबिक, महिलाओं की व्यवस्था कंपनी से जुड़े कर्मचारी राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी के माध्यम से की गई थी, जिसके लिए प्रति महिला 10 हजार रुपये का भुगतान तय किया गया था।
डांस कर रही महिलाओं पर उड़ाए जा रहे थे नोट
शुक्रवार देर रात सूचना मिलने पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक्रोन रिजॉर्ट में छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, मौके पर उत्तर प्रदेश, दिल्ली और अन्य राज्यों से आए लोग शराब पार्टी कर रहे थे। डांस कर रही महिलाओं पर नोट उड़ाए जा रहे थे और अश्लील गतिविधियां चल रही थीं।छापेमारी के दौरान एक नाबालिग किशोरी भी पाई गई, जिसके बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है।
एंट्री रजिस्टर में दर्ज नहीं थे मेहमानों के नाम
पुलिस ने रिजॉर्ट के एंट्री रजिस्टर की जांच की तो पाया कि वहां ठहरे किसी भी व्यक्ति का रिकॉर्ड दर्ज नहीं किया गया था। नियमों के उल्लंघन और गंभीर आरोपों को देखते हुए प्रशासन ने रिजॉर्ट को सील कर दिया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन पेटी शराब, एक पेटी बीयर, 10-10 रुपये के नकली नोटों की 24 गड्डियां, एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, म्यूजिक सिस्टम, साउंड बॉक्स और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
फरार जीएम की तलाश जारी, नेटवर्क की जांच शुरू
एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों और फरार रिजॉर्ट जीएम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 143, अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3, 5 और 6, पॉक्सो अधिनियम, आबकारी अधिनियम तथा किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार जीएम की तलाश की जा रही है, वहीं देह व्यापार से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी गई है।


