37.4 C
Agra
Homeआगरासार्वजनिक परिवहन को मिलेगा बड़ा बढ़ावा: जल्द दौड़ेंगी 100 नई एसी इलेक्ट्रिक...

सार्वजनिक परिवहन को मिलेगा बड़ा बढ़ावा: जल्द दौड़ेंगी 100 नई एसी इलेक्ट्रिक बसें, ग्रामीण क्षेत्रों तक होगा विस्तार

आगरा: शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुगम और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जल्द ही आगरा के ई-बस बेड़े में 100 नई वातानुकूलित (एसी) इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया जाएगा। इन बसों के संचालन के लिए प्रशासन को मंजूरी मिल चुकी है, जिससे शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी। प्रशासन की योजना के अनुसार, नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इन्हें ग्रामीण मार्गों पर भी चलाया जाएगा। प्रस्तावित रूटों में टूंडला, फतेहाबाद रोड, फतेहपुर सीकरी मार्ग सहित शहर से जुड़े कई प्रमुख ग्रामीण क्षेत्र शामिल हैं। इससे ग्रामीण यात्रियों को भी आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सेवा का लाभ मिलेगा।

नई बसों की संख्या बढ़ने के साथ उनके संचालन, रखरखाव और चार्जिंग व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एक नए डिपो की स्थापना की भी तैयारी की जा रही है। प्रशासन जल्द ही डिपो के लिए उपयुक्त स्थान का चयन करेगा। इसके साथ ही विभिन्न मार्गों पर यात्रियों की संख्या, दूरी और आवश्यकताओं को देखते हुए रूट और किराया निर्धारण के लिए सर्वेक्षण कार्य भी जारी है। एडीएम सिटी के अनुसार, प्रस्तावित 100 नई इलेक्ट्रिक बसें अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी। यात्रियों की सुविधा और विभिन्न मार्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बसों को दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है। इनमें 50 बसें सात मीटर लंबाई की और 50 बसें नौ मीटर लंबाई की होंगी।

वर्तमान में आगरा शहर में एमजी रोड सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों पर 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। नई 100 बसों के शामिल होने के बाद शहर में ई-बसों की कुल संख्या बढ़कर 200 हो जाएगी। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से सार्वजनिक परिवहन को मजबूती मिलेगी, निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और शहर की सड़कों पर ट्रैफिक जाम की समस्या में भी काफी हद तक राहत मिलेगी। साथ ही, यह कदम पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments