सुपौल। जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मिरजवा पंचायत में बुधवार रात एक शादी समारोह उस वक्त चर्चा का विषय बन गया, जब बारात पहुंचने के बाद दुल्हन ने विवाह से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन का आरोप है कि दूल्हा नशे की हालत में था और उसी वजह से उसने यह फैसला लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कटिहार जिले के फलका बाजार वार्ड 13 निवासी विलाश ठाकुर के पुत्र राजेश कुमार ठाकुर की शादी लगुनिया वार्ड 15 निवासी स्वर्गीय विजेंद्र ठाकुर की पुत्री नेहा कुमारी से तय हुई थी। बुधवार रात बारात पूरे तामझाम और परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ दुल्हन के घर पहुंची।
वरमाला से पहले ही बिगड़ा माहौल
जब वरमाला के लिए दूल्हे को मंडप में लाया गया, तो उसकी हालत देख लोग हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि दूल्हा नशे में पूरी तरह चूर था, ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था और अजीब हरकतें कर रहा था। यह सब देखकर दुल्हन ने तुरंत शादी करने से मना कर दिया। नेहा कुमारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो व्यक्ति शादी के दिन ही नशे में हो, उसके साथ जीवन बिताना संभव नहीं है। दुल्हन के इस फैसले के बाद वहां मौजूद लोग पहले तो स्तब्ध रह गए, फिर धीरे-धीरे मामला तनावपूर्ण हो गया।
समझदारी से सुलझा मामला
स्थिति को बिगड़ने से पहले ग्रामीणों ने हस्तक्षेप किया और दूल्हे, उसके पिता व वाहन को गांव में ही रोक लिया गया। गुरुवार शाम दूल्हे के परिजन गांव पहुंचे और शादी में दिए गए सभी उपहार और खर्च की राशि वापस कर दी गई। इसके बाद आपसी सहमति से दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और दूल्हे व उसके पिता को सम्मानपूर्वक विदा किया गया।
पुलिस को नहीं मिली शिकायत
इस संबंध में थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि थाने में इस मामले की कोई आधिकारिक सूचना या शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
गांव में हो रही दुल्हन की सराहना
घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में नेहा कुमारी के फैसले की जमकर तारीफ हो रही है। लोग इसे आत्मसम्मान और महिला सशक्तिकरण की मिसाल बता रहे हैं।


