31.2 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में बैंक रिलेशनशिप मैनेजर की हत्या से सनसनी, पत्नी और बहन...

लखनऊ में बैंक रिलेशनशिप मैनेजर की हत्या से सनसनी, पत्नी और बहन को गोली मारने के बाद पति ने की आत्महत्या

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर इलाके में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। एक निजी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती पुलिस जांच के मुताबिक, वारदात को महिला के पति मानस बाजपेई ने अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पत्नी को बैंक के बाहर बुलाया था। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, जिसके बाद उसने दिव्या को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल दिव्या को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पत्नी की हत्या के बाद बहन को भी मारी गोली

बताया जा रहा है कि पत्नी पर गोली चलाने के बाद मानस अपने घर पहुंचा। वहां उसने अपनी बहन की भी गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पड़ोसी अंकुर के मुताबिक, मानस और उसकी पत्नी की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। दोनों पिछले करीब डेढ़ साल से अलग-अलग रह रहे थे। मानस एक सरकारी बैंक में नौकरी करता था और पड़ोसियों के अनुसार उसका व्यवहार सामान्य एवं मिलनसार बताया जाता था।

WhatsApp स्टेटस में लगाया हत्या का जिक्र

घटना के बाद सामने आई जानकारी के अनुसार, आरोपी ने WhatsApp स्टेटस के जरिए पत्नी की हत्या की बात लिखी थी। उसने पत्नी पर उसे धोखा देने का आरोप लगाया और इसके लिए हत्या करने की बात कही। स्टेटस में उसने अपनी बहन को भी मारने और खुद आत्महत्या करने की बात लिखी थी। पुलिस अब इस WhatsApp स्टेटस समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों को समझा जा सके।

घर में तेज आवाज में चल रही थी हनुमान चालीसा

पड़ोसी अंकुर ने बताया कि WhatsApp स्टेटस देखने के बाद जब घर का दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर मानस और उसकी बहन बेड पर पड़े मिले। मानस के सीने पर पिस्टल पड़ी थी और कमरे में टीवी चल रहा था। टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा बज रही थी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गोमती नगर में बैंक के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी बैंक तक कैसे पहुंचा, पत्नी से उसकी क्या बातचीत हुई और वारदात के बाद वह किस रास्ते से अपने घर पहुंचा।

पारिवारिक विवाद को माना जा रहा शुरुआती कारण

प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। मृतका की बहन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया था कि दिव्या को गोली मारी गई है और उन्हें इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सा विज्ञान संस्थान ले जाया गया है। इसके जवाब में लखनऊ पुलिस ने बताया था कि मौके पर उच्चाधिकारी मौजूद हैं और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments