34.5 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशफौजी ने पत्नी की हत्या कर शव नहर में फेंका, कार से...

फौजी ने पत्नी की हत्या कर शव नहर में फेंका, कार से मिली टूटी चूड़ियां बनीं अहम सबूत

एटा: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां सेना के एक जवान पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पत्नी को आगरा स्थित सेना की कैंटीन ले जाने का बहाना बनाया, रास्ते में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। वारदात के बाद वह अपनी ड्यूटी पर पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी लौट गया। पुलिस ने उसे सेना के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया है।

कैंटीन ले जाने के बहाने घर से निकला था आरोपी

पुलिस के अनुसार, एटा शहर में किराए के मकान में रहने वाली सोनी अपने बच्चों के साथ रहती थी। उसका पति रमाकांत सेना में तैनात है। 6 जुलाई को रमाकांत पत्नी को आगरा स्थित सेना की कैंटीन से सामान दिलाने के बहाने कार में लेकर निकला। उसके साथ गांव का एक युवक अजय भी मौजूद था। इसके बाद सोनी घर वापस नहीं लौटी।

परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो सोनी की मां सरोज देवी ने बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए रमाकांत और उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

जांच में खुला हत्या का राज

एएसपी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि रमाकांत ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की और शव को आगरा रोड स्थित हजारा नहर में फेंक दिया। घटना के बाद आरोपी कुछ दिन तक अलग-अलग जगहों पर छिपता रहा। पहले वह पठानकोट गया और बाद में पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित अपनी तैनाती पर पहुंचकर ड्यूटी ज्वाइन कर ली।

सेना के सहयोग से पश्चिम बंगाल से गिरफ्तारी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी कराया और सेना के अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद एटा पुलिस की टीम जलपाईगुड़ी के माल बाजार पहुंची, जहां सेना के सहयोग से आरोपी को उसकी तैनाती स्थल से गिरफ्तार किया गया। ट्रांजिट रिमांड पर उसे एटा लाया गया है।

पूछताछ में हत्या की बात कबूली, शव की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की है। हालांकि, अब तक शव बरामद नहीं हो सका है। आरोपी की निशानदेही पर हजारा नहर और आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

कार से मिली टूटी चूड़ियां बनीं अहम साक्ष्य

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की कार से सोनी की टूटी हुई चूड़ियां बरामद की हैं। अधिकारियों का मानना है कि हत्या से पहले सोनी ने खुद को बचाने की भरसक कोशिश की थी। संघर्ष के दौरान उसकी चूड़ियां टूट गईं, जो अब इस मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य मानी जा रही हैं।

पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा था विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रमाकांत और सोनी के बीच काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस का आरोप है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने सुनियोजित तरीके से पत्नी को घर से बाहर बुलाया, रास्ते में उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर हत्या कर दी।

पुलिस फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। शव की बरामदगी और आरोपी के साथी की भूमिका की भी जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments