42.5 C
Agra
Homeधर्मप्रेम-प्रसंग के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, आरोपियों ने पिता को...

प्रेम-प्रसंग के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, आरोपियों ने पिता को फोन कर कहा- “तुम्हारे बेटे को खत्म कर दिया”

हरियाणा के सोनीपत जिले के राई थाना क्षेत्र स्थित जठेड़ी गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। मेरठ जिले के खरखौदा थाना क्षेत्र के खंदावली गांव निवासी 26 वर्षीय विशाल की कथित तौर पर प्रेम-प्रसंग के शक में लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक के पिता का आरोप है कि हत्या से पहले उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई थी और वारदात के दौरान आरोपियों ने फोन कर पूरी घटना सुनाई।

चार साल से सोनीपत में रहकर कर रहा था नौकरी

मृतक विशाल राई क्षेत्र स्थित एक बेसन निर्माण कंपनी में काम करता था और जठेड़ी गांव में किराए के मकान में रह रहा था। उसी मकान के पड़ोस में ओमवीर अपने परिवार के साथ रहता था। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध थे और एक-दूसरे के घर आना-जाना भी था। विशाल के पिता शिव कुमार के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से ओमवीर को अपनी पत्नी और विशाल के बीच प्रेम संबंध होने का शक था। इसी को लेकर मार्च माह में ओमवीर ने उन्हें फोन कर विशाल को समझाने की बात कही थी और ऐसा न करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी थी।

हत्या से पहले पिता को सुनाई बेटे की चीखें

शिव कुमार ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम अनुज उर्फ तनुज बताया। बातचीत के दौरान उन्हें अपने बेटे विशाल की चीखने की आवाजें भी सुनाई दीं। आरोप है कि कॉल करने वाले ने कहा, “तुम्हारे बेटे को खत्म कर दिया है, अब उसकी लाश उठाकर ले जाना।”

इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजन तत्काल सोनीपत के लिए रवाना हुए।

आरोपी के पिता ने पुलिस को दी हत्या की सूचना

पुलिस के अनुसार, जठेड़ी गांव निवासी ओमवीर स्वयं राई थाना पहुंचा और सूचना दी कि उसके बेटे तनुज ने विशाल की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी है और शव खेत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जठेड़ी-राठधाना रोड स्थित खेत से विशाल का खून से लथपथ शव बरामद किया।

घटनास्थल से मिले खून से सने डंडे

फोरेंसिक साइंस टीम के प्रभारी डॉ. रवि ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस ने खून से सनी मिट्टी और शव के पास पड़े दो बांस के डंडों को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर तनुज उर्फ अनुज और उसके अन्य साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

विशाल की हत्या के बाद उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता शिव कुमार ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि बड़ा बेटा अतुल नोएडा में नौकरी करता है। विशाल पिछले चार वर्षों से सोनीपत में काम कर रहा था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था। परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले ही विशाल के चचेरे भाई का निधन हुआ था, जिसके कारण वह कुछ दिन घर पर रहकर वापस सोनीपत लौटा था। परिवार दोनों बेटों की शादी की तैयारियां कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक घटना हो गई। विशाल की मौत की खबर सुनकर उसकी दोनों बहनों की हालत बिगड़ गई।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

राई थाना प्रभारी एवं जांच अधिकारी इंस्पेक्टर यशबीर ने बताया कि जठेड़ी गांव में युवक की हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments