आगरा, उत्तर प्रदेश: आगरा के सदर थाना क्षेत्र स्थित सुल्तानपुरा में एक नवविवाहित युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। युवक का शव घर से कुछ दूरी पर खेतों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
परिजनों के मुताबिक, शोरू बुधवार सुबह करीब 7 बजे काम पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके बाद उसका शव गांव के पास खेतों में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को युवक के चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने किसी भारी वस्तु, संभवतः पत्थर, से हमला कर उसकी हत्या की है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
तीन महीने पहले हुई थी शादी
परिजनों ने बताया कि शोरू की शादी महज तीन महीने पहले ही हुई थी। पति की मौत की खबर सुनते ही उसकी पत्नी की हालत बिगड़ गई। परिवार और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।


