आगरा में जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और फर्जी रिपोर्ट लगाने वाले अधिकारियों के खिलाफ जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन पोर्टल की समीक्षा बैठक में खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान शिकायतकर्ताओं से मिले नकारात्मक फीडबैक को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने सदर तहसील के सब रजिस्ट्रार का वेतन रोकने के आदेश दिए। वहीं, आईजीआरएस रैंकिंग में खराब प्रदर्शन करने वाले बाह, किरावली, फतेहाबाद और सदर के एसडीएम को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
फर्जी निस्तारण पर होगी विभागीय और दंडात्मक कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शिकायतों का फर्जी या औपचारिक निस्तारण करने के कारण जनपद की आईजीआरएस रैंकिंग प्रभावित हुई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कई विभागों की रिपोर्ट पर डीएम ने जताई नाराजगी
बैठक में पिछले तीन महीनों की आईजीआरएस रैंकिंग, शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का प्रतिशत और मुख्यमंत्री कार्यालय से सी-श्रेणी प्राप्त मामलों की समीक्षा की गई। इस दौरान समाज कल्याण, बेसिक शिक्षा, विद्युत, लीड बैंक, चिकित्सा (सीएमओ) और ग्राम्य विकास विभाग की ओर से प्रस्तुत रिपोर्टें अस्पष्ट और गुणवत्ताहीन पाई गईं। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया।
बिजली विभाग को भी लगाई फटकार
बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अगली समीक्षा बैठक में चीफ इंजीनियर सहित सभी अधिशासी अभियंताओं की उपस्थिति अनिवार्य होगी। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का स्तर हर हाल में 80 प्रतिशत से कम नहीं होना चाहिए।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों का सम्मान
जून माह में आईजीआरएस शिकायतों के प्रभावी निस्तारण और बेहतर प्रदर्शन के लिए एसडीएम एत्मादपुर सुमित कुमार और एसडीएम खेरागढ़ को जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, नोडल अधिकारी पूजा यादव, डीडीओ भावना यादव, डीआईओएस रविन्द्रपाल, बीएसए राकेश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


