41.2 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशगाजियाबाद: कंटेनर की टक्कर से दो बहनों की मौत, परिवार में पसरा...

गाजियाबाद: कंटेनर की टक्कर से दो बहनों की मौत, परिवार में पसरा मातम

गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के कट के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि उनका फुफेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, जनपद हापुड़ के नई मंडी मुरादपुर निवासी 17 वर्षीय आंशिका अपनी 14 वर्षीय छोटी बहन परी और दिल्ली के नजफगढ़ निवासी फुफेरे भाई अजय के साथ बाइक पर सवार थीं। जैसे ही तीनों ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के कट के पास पहुंचे, पीछे से आए एक अनियंत्रित कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दूर तक घिसट गए तीनों

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कंटेनर की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और काफी दूरी तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी।

अस्पताल में तोड़ी जिंदगी की डोर

सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को डासना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने आंशिका को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल परी को बेहतर इलाज के लिए हापुड़ के रामा अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

वहीं, अजय की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की चालक की तलाश

मामले में एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में कंटेनर की पहचान कर ली गई है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

एक ही हादसे में दो बेटियों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव और आसपास के क्षेत्र में भी शोक की लहर है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments