आगरा। किसानों को आधुनिक कृषि संसाधनों से जोड़ने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को आगरा विकास भवन में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लघु एवं सीमांत किसानों के लिए 6 लाख रुपये तक के ऋण की घोषणा की। मुख्यमंत्री के मुताबिक, योजना के तहत किसानों को अब 11 प्रतिशत के बजाय 6 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इससे किसानों पर ब्याज का बोझ कम होगा और वे कृषि से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए आसानी से वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
समय पर किस्त चुकाने पर मिलेगा अनुदान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि योजना के तहत ऋण लेने वाले किसानों को समय पर किस्तों का भुगतान करने पर सरकार की ओर से अनुदान का लाभ भी दिया जाएगा। ऋण स्वीकृति की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है, जिससे किसानों को आवेदन और ऋण प्राप्त करने में सुविधा होगी।
कृषि यंत्र खरीदने में मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत मिलने वाले ऋण का उपयोग किसान खेती से जुड़े विभिन्न कार्यों में कर सकेंगे। खासतौर पर आधुनिक कृषि यंत्र और अन्य जरूरी संसाधन खरीदने में यह वित्तीय सहायता उपयोगी होगी। सरकार का उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से जोड़कर कृषि कार्य को अधिक सुविधाजनक बनाना है।
एमएलसी विजय शिवहरे ने बताया किसानों के लिए अहम कदम
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमएलसी विजय शिवहरे ने कहा कि मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि कम ब्याज दर पर ऋण मिलने से छोटे और सीमांत किसानों को कृषि संबंधी जरूरतें पूरी करने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रदीप भाटी, डीआर सहकारिता आदित्य दुबे, एआर सहकारिता सतीश कुमार और एलडीबी आरएम भूपेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


