25 C
Agra
Homeआगराउद्योग बंधु बैठक में बड़ा फैसला: औद्योगिक क्षेत्रों के खुले नाले होंगे...

उद्योग बंधु बैठक में बड़ा फैसला: औद्योगिक क्षेत्रों के खुले नाले होंगे कवर, जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया

आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उद्योग बंधु समिति की बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी बिजली, सड़क, जलभराव, नाली और सीवर जैसी समस्याओं पर विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में उद्यमियों की समस्याओं के जल्द समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सड़क किनारे खुले नालों को किया जाएगा कवर

बैठक में सड़क किनारे और दुर्घटना संभावित स्थानों पर खुले पड़े नालों को जल्द ढकने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों को इसके लिए शीघ्र टेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके और औद्योगिक क्षेत्रों में आवागमन सुगम बनाया जा सके।

गढ़ी महासिंह एत्मादपुर में बिजली आपूर्ति में सुधार

गढ़ी महासिंह एत्मादपुर सब-स्टेशन की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि नए पोल लगाने और पेड़ों की छंटाई के बाद क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार हुआ है। जिलाधिकारी ने बिजली से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

टेढ़ी बगिया-चार पुलिया मार्ग पर कवर्ड नाले की तैयारी

टेढ़ी बगिया से चार पुलिया तक नाला निर्माण के कारण प्रभावित आवागमन का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। अधिकारियों ने बताया कि कवर्ड नाले की रूपरेखा तैयार हो चुकी है। स्वीकृति मिलते ही इसके निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

भगवती बाग और फाउंड्री नगर में सड़क-नाली निर्माण के निर्देश

बैठक में भगवती बाग और फाउंड्री नगर में सड़क एवं नाली निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए गए। वहीं बोदला-बिचपुरी रोड पर नाले की सफाई का काम जारी होने की जानकारी अधिकारियों ने दी।

जलभराव वाले स्थानों पर मांगी गई दोबारा रिपोर्ट

विरोला शू फैक्ट्री और केएफ एक्सपोर्ट के सामने जलभराव की समस्या पर संबंधित विभाग से दोबारा रिपोर्ट मांगी गई है। प्रशासन ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

यमुना इंडस्ट्रियल पार्क की समस्याओं का होगा स्थलीय निरीक्षण

बैठक में यमुना इंडस्ट्रियल पार्क, धरेरा (एत्मादपुर) के जर्जर संपर्क मार्ग और सीवर व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मौके का स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

विभागों में समन्वय पर जिलाधिकारी का जोर

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क, नाली, बिजली, जल निकासी और सीवर व्यवस्था से औद्योगिक इकाइयों को राहत मिलेगी और आवागमन भी सुगम होगा। बैठक में एडीएम (वित्त) संदीप वर्मा, उपायुक्त उद्योग शैलेंद्र सिंह, सहायक नगरायुक्त श्रद्धा पांडेय और एसीपी श्वेता वर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments