देवरिया में गरजे सीएम योगी: राम मंदिर मामले में एसआईटी रिपोर्ट पर शुरू हुई कार्रवाई
देवरिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर बड़ा बयान दिया है। देवरिया में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि एसआईटी की रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। अब एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कुछ लोग इस मुद्दे पर राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी मंशा ठीक नहीं है। उन्होंने कहा, “ये वही लोग हैं जिन्होंने भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे और अयोध्या की आस्था को नकारने का प्रयास किया था।”
अयोध्या करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों को निशाने पर लेते हुए कहा कि अयोध्या देशवासियों की आस्था का प्रतीक है और इस पर अनावश्यक टिप्पणी करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा, “अयोध्या पर आक्षेप न करें और भगवान श्रीराम की मर्यादा का पालन करना सीखें।”
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने शुरुआत से ही आश्वस्त किया था कि पूरे मामले में निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “रामभक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यदि किसी के पास कोई प्रमाण है, तो उसे एसआईटी के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए।”
जन आस्था से खिलवाड़ पर जीरो टॉलरेंस नीति
देवरिया में अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी सरकार अपराध, माफिया और जन आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा, “जो भी जनभावनाओं और धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ करेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।”
सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब थी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में देवरिया के मदनपुर थाने में हुई हिंसा इसकी एक बड़ी मिसाल है।
उन्होंने वर्तमान कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि आज प्रदेश में त्योहार और धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “अब कोई भी व्यक्ति कानून हाथ में लेकर सड़कों पर गुंडागर्दी नहीं कर सकता। यदि कोई ऐसा करने का प्रयास करेगा, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।”


