टीवी अभिनेत्री शिल्पा शिंदे एक बार फिर सुर्खियों में हैं। जून में दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने स्वीकार किया था कि 2016 में ‘भाभीजी घर पर हैं’ के प्रोड्यूसर संजय कोहली के खिलाफ दर्ज कराई गई यौन उत्पीड़न की शिकायत पूरी तरह उसी रूप में सही नहीं थी, जैसा उसे देखा गया। अब रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर पहुंचीं शिल्पा ने इस पूरे विवाद पर अपना पक्ष विस्तार से रखा।
‘मैंने कानून का दुरुपयोग नहीं, अपने बचाव में इस्तेमाल किया’
हालिया एपिसोड में योगेश रावत और रियाज अली के साथ बातचीत के दौरान शिल्पा शिंदे से पुराने मामले पर सवाल किया गया। योगेश ने कहा कि उन्हें झूठे आरोपों के कारण शिल्पा की बात सही नहीं लगती, जबकि रियाज ने अपनी राय रखते हुए कहा कि इस तरह के आरोप किसी पुरुष की जिंदगी पर गंभीर असर डाल सकते हैं।इस पर शिल्पा ने जवाब दिया कि उन्होंने कानून का दुरुपयोग नहीं किया, बल्कि अपने बचाव के लिए उसका सहारा लिया। उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें लगा था कि उनके पास अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा था। उनका यह भी दावा था कि जिन लोगों ने उन्हें गलत ठहराया, वही लोग अक्सर महिलाओं के न्याय की मांग करते नजर आते हैं।
संजय कोहली के साथ रिश्तों पर भी की बात
शिल्पा ने बातचीत के दौरान यह भी कहा कि आज उनके और प्रोड्यूसर संजय कोहली के बीच रिश्ते सामान्य हैं। उनका दावा था कि वर्षों बाद उन्हें शो में वापस बुलाया गया और इसके लिए काफी आग्रह किया गया। शिल्पा ने कहा कि यदि उनके आरोपों के कारण रिश्ते पूरी तरह खराब होते, तो उनकी वापसी संभव नहीं होती। जब योगेश रावत ने अपनी राय बदलने से इनकार किया, तो शिल्पा ने बातचीत समाप्त करते हुए कहा कि समय आने पर ही किसी व्यक्ति को ऐसी परिस्थितियों की गंभीरता समझ आती है।
2016 में शुरू हुआ था विवाद
साल 2016 में शिल्पा शिंदे ने लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘भाभीजी घर पर हैं’ छोड़ दिया था। इसके बाद उनका शो के प्रोडक्शन हाउस के साथ लंबा विवाद चला। प्रोडक्शन टीम ने उन पर अनुबंध और पेशेवर व्यवहार से जुड़े आरोप लगाए, जबकि शिल्पा ने बकाया भुगतान, खराब कार्य वातावरण और उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए।इसके बाद 2017 में उन्होंने प्रोड्यूसर संजय कोहली के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच यह मामला अदालत के बाहर सुलझ गया।
पॉडकास्ट में किया था बड़ा खुलासा
कुछ समय पहले कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया के पॉडकास्ट में शिल्पा शिंदे ने कहा था कि उन्होंने उस दौर में शिकायत इसलिए दर्ज कराई क्योंकि उन्हें लगा कि उनके सामने सभी रास्ते बंद हो चुके थे। उनके अनुसार, वह मानसिक और पेशेवर रूप से बेहद कठिन दौर से गुजर रही थीं और उन्हें यही कदम अपने बचाव का माध्यम लगा।
शो में हुई वापसी
लंबे विवाद के बाद अब शिल्पा शिंदे ने ‘भाभीजी घर पर हैं’ में वापसी कर ली है। उनकी वापसी के साथ पुराने विवाद पर चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है। वहीं, ‘लॉक अप: सच या सजा’ में दिए गए उनके ताजा बयान ने इस मामले को फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया है।


