29.7 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशकानपुर को मिलेगा पहला ताज होटल, केडीए से मिली निर्माण की मंजूरी

कानपुर को मिलेगा पहला ताज होटल, केडीए से मिली निर्माण की मंजूरी

केडीए की मंजूरी के बाद कानपुर के पहले ताज होटल का निर्माण शुरू, 3 साल में होगा तैयार

कानपुर महानगर में बनने जा रहे पहले पांच सितारा ताज होटल का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने होटल परियोजना के भवन निर्माण के लिए आधिकारिक स्वीकृति जारी कर दी है। इसके साथ ही जेके अर्बनस्केप्स डेवलपर्स (जेके ग्रुप) ने घोषणा की है कि भगवान शिव के प्रिय सावन माह में ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

800 करोड़ की लागत से बनेगा ताज होटल

यह प्रतिष्ठित होटल कालपी रोड पर कमला क्लब के समीप 6.6 एकड़ भूमि पर लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। परियोजना का संचालन इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) के प्रतिष्ठित ताज होटल ब्रांड के तहत होगा। जेके ग्रुप ने जून 2024 में आईएचसीएल के साथ इस परियोजना के लिए समझौता किया था।

तीन साल में पूरा होगा निर्माण

केडीए के अनुसार होटल परियोजना को अधिकतम तीन वर्षों के भीतर पूरा करना होगा। स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण कार्य औपचारिक रूप से शुरू किया जा सकेगा।

पर्यावरणीय नियमों का होगा सख्ती से पालन

केडीए ने स्पष्ट किया है कि निर्माण के दौरान राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के सभी पर्यावरणीय मानकों का पालन अनिवार्य होगा। साथ ही होटल का संचालन तभी शुरू किया जा सकेगा, जब भवन को कम्प्लीशन सर्टिफिकेट और ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट प्राप्त हो जाएंगे।

200 कमरों वाला होगा लक्ज़री होटल

जेके अर्बनस्केप्स डेवलपर्स के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट संजय दुबे के अनुसार होटल में ताज समूह के वैश्विक मानकों के अनुरूप 200 लग्ज़री कमरे बनाए जाएंगे। परिसर में 3,205 वर्ग मीटर का हरित क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

500 लोगों को मिलेगा रोजगार

इस परियोजना से लगभग 500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। साथ ही होटल के संचालन से पर्यटन, आतिथ्य, परिवहन और स्थानीय व्यापार को भी बड़ा लाभ मिलेगा। यह परियोजना कानपुर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इन्वेस्टर्स मीट-2023 का बड़ा निवेश

गौरतलब है कि कानपुर इन्वेस्टर्स मीट-2023 के दौरान जेके अर्बनस्केप्स डेवलपर्स ने शहर में टाउनशिप और अन्य विकास परियोजनाओं के लिए 1,800 करोड़ रुपये के निवेश का एमओयू किया था। ताज होटल उसी निवेश योजना का प्रमुख हिस्सा है।

केडीए सचिव ने क्या कहा?

केडीए सचिव अभय कुमार पांडेय ने बताया कि बिल्डिंग बायलॉज और उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति के तहत पांच सितारा और तीन सितारा होटल परियोजनाओं के नक्शों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। अब सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments