मथुरा: थाना हाईवे क्षेत्र के नवादा चौराहे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मजदूर दंपती की जान चली गई, जबकि उनके साथ मौजूद पांच वर्षीय नातिन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार, फरह थाना क्षेत्र के गांव बेरी निवासी मूलचंद अपनी पत्नी मंजू और पांच वर्षीय नातिन के साथ सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार रोडवेज बस ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मूलचंद और मंजू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात को सुचारू कराया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल बच्ची को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सड़क पार करने के दौरान दुर्घटना होने की बात सामने आई है। बस चालक और वाहन से संबंधित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


