साल 2021 में लगे पोर्नोग्राफी केस के आरोपों के बाद बिजनेसमैन राज कुंद्रा की जिंदगी पूरी तरह बदल गई। अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को उस मामले में गिरफ्तार कर मुंबई की आर्थर रोड जेल भेजा गया था, जहां उन्होंने करीब 63 दिन बिताए। अब लगभग पांच साल बाद उन्होंने पहली बार उस दौर को याद करते हुए बताया कि कैसे एक केस ने उनके परिवार, कारोबार और पहचान पर गहरा असर डाला।
‘एक आरोप ने खत्म कर दिया वर्षों की मेहनत’
हालिया बातचीत में राज कुंद्रा ने दावा किया कि उनकी गिरफ्तारी के बाद उन्हें और शिल्पा शेट्टी को अपने कई बड़े बिजनेस बंद करने पड़े। उनके मुताबिक उस समय वे अलग-अलग सेक्टर्स में निवेश कर चुके थे, जिनमें होम शॉपिंग, टेक्नोलॉजी, मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स और अन्य कारोबार शामिल थे। राज ने कहा कि इन कंपनियों से करीब 4000 लोग अपनी आजीविका चला रहे थे, लेकिन विवाद के बाद कारोबार बंद करने का फैसला लेना पड़ा। उनका दावा है कि उन्हें ऐसे अपराध में गिरफ्तार किया गया, जो उन्होंने किया ही नहीं।
‘बयान दर्ज कराने बुलाया और गिरफ्तार कर लिया’
राज कुंद्रा का कहना है कि पुलिस ने उन्हें केवल बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था, लेकिन वहां पहुंचते ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम में योगदान देने के बावजूद उन्हें अपने सभी सक्रिय बिजनेस बंद करने पड़े, जिसका दर्द आज भी उनके साथ है।
‘अगर दोषी हूं तो सजा दो, नहीं तो सम्मान के साथ क्लीन चिट’
कानूनी प्रक्रिया में हो रही देरी पर भी राज कुंद्रा ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वे शुरू से ही जांच में सहयोग करते आए हैं और चाहते हैं कि अदालत जल्द फैसला सुनाए। राज ने कहा कि यदि वे दोषी साबित होते हैं तो उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, लेकिन यदि उनके खिलाफ आरोप साबित नहीं होते तो उन्हें सम्मानपूर्वक क्लीन चिट मिलनी चाहिए। उनका कहना है कि वे पिछले पांच वर्षों से इसी उम्मीद के साथ कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं।
63 दिन की जेल ने बदल दी सोच
आर्थर रोड जेल में बिताए गए 63 दिनों को याद करते हुए राज कुंद्रा भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वह उनकी जिंदगी का सबसे कठिन दौर था। कई रातें ऐसी थीं जब उन्हें यह तक नहीं पता होता था कि अगली सुबह क्या होगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वे उस अनुभव को अपनी जिंदगी से मिटाना नहीं चाहते, क्योंकि उसी दौर ने उन्हें लोगों की असली पहचान समझाई। उनके मुताबिक मुश्किल समय में ही पता चलता है कि कौन वास्तव में अपना है और कौन केवल अच्छे दिनों का साथी।
बिटकॉइन मामले में मिली राहत
पोर्नोग्राफी केस के अलावा राज कुंद्रा 150 करोड़ रुपये के कथित बिटकॉइन मामले में भी आरोपी हैं। हालांकि, हाल ही में अदालत ने उन्हें जमानत दे दी। कोर्ट ने माना कि उन्होंने जांच में सहयोग किया है और जांच प्रक्रिया में कोई बाधा नहीं डाली, जिसके आधार पर उन्हें राहत मिली।


