आवास विकास कॉलोनी की मूलभूत समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने नगर निगम का घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पोस्टर और बैनर के साथ धरना दिया तथा नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कॉलोनी की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
महानगर अध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-6 में नालियां लंबे समय से टूटी हुई हैं और नालों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण हल्की बारिश में भी जलभराव की स्थिति बन जाती है। कई घरों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कॉलोनी की कई स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, सड़कों का खड़ंजा टूट चुका है और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित है। स्थानीय लोगों ने सांसद, विधायक, पार्षद और नगर निगम अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समस्याओं का समाधान तय समय में नहीं हुआ तो व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में ताहिर हुसैन, दीपक शर्मा, याकूब शेख, दिलीप वर्मा, नरेंद्र शर्मा, दानिश सिद्दीकी, सरदार हरजेंद्र सिंह, सलमान कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


