35.3 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशमैनपुरी: नहर में डूबे तौफीक का शव 3 किमी दूर बरामद, 26...

मैनपुरी: नहर में डूबे तौफीक का शव 3 किमी दूर बरामद, 26 घंटे चला रेस्क्यू

नहाते समय नहर में डूबा युवक, 26 घंटे बाद सिरसा मोड़ के पास मिला शव

मैनपुरी। कुरावली थाना क्षेत्र में घिरोर रोड स्थित नहर पुल पर नहाते समय डूबे 35 वर्षीय युवक तौफीक का शव करीब 26 घंटे बाद घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर सिरसा मोड़ के पास नहर से निकले बंबे में बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, नगर के मोहल्ला घनराजपुर, देवरई गेट निवासी तौफीक (35) पुत्र अली दराज बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे अपने मित्र आशीष, निवासी मोहल्ला भीमनगर, के साथ घिरोर रोड स्थित नहर पुल पर स्नान करने गया था। नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहकर गहरे पानी में डूब गया। साथ मौजूद आशीष ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बुधवार शाम एटा से फ्लड विभाग की टीम स्टीमर के साथ मौके पर पहुंची और देर रात तक नहर में तलाश करती रही, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह भी सर्च ऑपरेशन दोबारा शुरू किया गया।

इसी बीच गुरुवार दोपहर राहगीरों ने सिरसा मोड़ के पास नहर से निकले बंबे में एक शव दिखाई देने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तहसीलदार अखिल गोयल, क्षेत्राधिकारी सच्चिदानंद सिंह और प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के भाई यासीन ने शव की पहचान तौफीक के रूप में की। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक का शव मिलने की खबर से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। करीब 26 घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद शव बरामद होने के साथ ही खोज अभियान समाप्त कर दिया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments