आगरा। आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। आरबीएस कॉलेज के पास बोदला-बिचपुरी मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे सहाई गांव के पास पकड़ लिया।
प्रॉपर्टी के काम से लौट रहे थे बुजुर्ग
पुलिस के अनुसार, शाहगंज थाना क्षेत्र के गांव पथौली के मजरा नगला अक्खे निवासी वेदन सिंह (70) प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते थे। उनके पुत्र अतर सिंह ने बताया कि मंगलवार को वे प्रॉपर्टी के सिलसिले में किरावली और अछनेरा गए थे। शाम करीब चार बजे स्कूटी से घर लौटते समय आरबीएस कॉलेज के पास बिचपुरी की ओर से आ रही एक कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद दूसरी कार से जा भिड़ी स्कूटी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी उछलकर दूसरी कार से जा टकराई। गंभीर चोट लगने के कारण वेदन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने पीछा कर आरोपी चालक को दबोचा
हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने पीछा किया और सहाई गांव के पास कार समेत चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
चौकी प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


