37.4 C
Agra
Homeमनोरंजन'फुकरे' के बाद पहली बार लीड रोल में साथ दिखेंगे अली फज़ल...

‘फुकरे’ के बाद पहली बार लीड रोल में साथ दिखेंगे अली फज़ल और ऋचा चड्ढा, 2027 में रिलीज होगी नई कॉमेडी फिल्म

कई वर्षों तक दर्शकों का मनोरंजन करने वाली ‘फुकरे’ फ्रेंचाइजी में साथ नजर आ चुके अली फज़ल और ऋचा चड्ढा अब पहली बार एक ऐसी फिल्म में साथ दिखाई देंगे, जिसकी कहानी पूरी तरह से इन्हीं दोनों किरदारों के इर्द-गिर्द घूमेगी। यह एक अनटाइटल्ड सिचुएशनल कॉमेडी फिल्म होगी, जिसका निर्माण सीनवर्क प्रोडक्शंस और गिरिराज प्रोडक्शंस द्वारा किया जा रहा है। फिल्म में दमदार अभिनेता कुमुद मिश्रा भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। दिल्ली की जीवंत संस्कृति और रोजमर्रा की हलचल को केंद्र में रखकर बनाई जा रही इस फिल्म का निर्देशन अभिनेता, लेखक और निर्देशक शशि वर्मा करेंगे। शशि वर्मा इससे पहले ‘बाला’, ‘गुंजन सक्सेना’ और ‘कटहल’ जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं, जबकि निर्देशक और लेखक के तौर पर वे ‘AK47’ और ‘मुर्गा ट्रॉफी’ जैसे प्रोजेक्ट्स के लिए पहचाने जाते हैं। उनकी खासियत हास्य और भावनाओं के संतुलन के साथ वास्तविक जीवन से जुड़ी कहानियां पेश करना है।

2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म

फिल्म की शूटिंग साल 2026 के दूसरे हिस्से में शुरू होने की योजना है, जबकि इसे अप्रैल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। हालांकि अली फज़ल और ऋचा चड्ढा इससे पहले ‘फुकरे’ सीरीज में साथ काम कर चुके हैं, लेकिन पहली बार दर्शक उन्हें एक ऐसी कहानी में देखेंगे, जो पूरी तरह उनके किरदारों और उनकी केमिस्ट्री पर आधारित होगी। फिल्म को लेकर उत्साह जताते हुए अली फज़ल ने कहा, “मेरा हमेशा से मानना रहा है कि सबसे बेहतरीन कॉमेडी ईमानदार किरदारों और वास्तविक परिस्थितियों से जन्म लेती है। जब मैंने इस फिल्म की स्क्रिप्ट पढ़ी, तभी समझ गया था कि इसमें कुछ खास है। ऋचा के साथ एक नए तरह का स्क्रीन डायनामिक एक्सप्लोर करना बेहद रोमांचक होगा। मैं लंबे समय से शशि वर्मा के काम का प्रशंसक रहा हूं और उनके साथ काम करना मेरे लिए एक बड़ा आकर्षण रहा है।”

ऋचा चड्ढा ने बताई फिल्म से जुड़ने की वजह

ऋचा चड्ढा ने कहा कि इस फिल्म की सादगी और भावनात्मक गहराई ने उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित किया। उन्होंने कहा, “यह कहानी मजेदार होने के साथ-साथ बेहद संवेदनशील भी है। इसमें एक मजबूत सामाजिक संदेश है और यह आम लोगों की जिंदगी से गहराई से जुड़ी हुई है। अली और मैंने पहले भी साथ काम किया है, लेकिन इस तरह की कहानी में पहली बार साथ नजर आएंगे।” ऋचा ने आगे बताया कि इस फिल्म की कहानी ने उन्हें दिल्ली के यमुना पार इलाके में बिताए अपने स्कूल के शुरुआती दिनों की याद दिला दी। उन्होंने कहा, “अली एक शानदार अभिनेता हैं और उनके साथ इस तरह की फिल्म में काम करना मेरे लिए बेहद खास अनुभव होगा। ‘फुकरे’ में हमारे किरदारों के बीच अलग तरह का रिश्ता था, लेकिन इस फिल्म में दर्शकों को हमारा बिल्कुल नया अंदाज देखने को मिलेगा।”

क्या बोले निर्देशक शशि वर्मा?

निर्देशक शशि वर्मा के मुताबिक, यह फिल्म रिश्तों, सामाजिक सोच और जिंदगी में आने वाले छोटे-छोटे बदलावों के बड़े असर की कहानी है। उन्होंने कहा, “यह फिल्म लोगों, उनके संबंधों और उन परिस्थितियों का जश्न मनाती है, जो एक पल में जिंदगी को बदल सकती हैं। इस कहानी में दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण किरदार की तरह मौजूद है। अली फज़ल, ऋचा चड्ढा और कुमुद मिश्रा जैसे प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ काम करना बेहद उत्साहजनक है और मैं शूटिंग शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments