मुरादनगर/अंबाला: माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए निकले मुरादनगर के दो युवकों की शनिवार तड़के अंबाला हाईवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में एक 10 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम पसर गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, मुरादनगर की जीतपुर कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय अमरदीप वर्मा उर्फ सनी स्थानीय स्तर पर शिव ज्वैलर्स के नाम से सर्राफा व्यवसाय संचालित करते थे। उनके साथ शीतलपुरी कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय विक्की जाटव, जो बिजली के कार्य से जुड़े थे, भी माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। दोनों शुक्रवार रात अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अलग-अलग वाहनों से यात्रा पर निकले थे।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब तीन बजे अंबाला हाईवे पर उनकी कार का टायर अचानक पंक्चर हो गया। इसके बाद अमरदीप और विक्की सड़क किनारे वाहन खड़ा कर स्टेपनी बदल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि अमरदीप वर्मा और विक्की जाटव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अमरदीप का 10 वर्षीय भतीजा आरव गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पीछे आ रहे परिजन मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद मुरादनगर स्थित परिवार के अन्य सदस्यों को हादसे की सूचना दी गई। खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और जीतपुर तथा शीतलपुरी कॉलोनी में शोक का माहौल छा गया। परिजन दोनों मृतकों के शव लेने के लिए अंबाला रवाना हो गए हैं। हादसे के बाद से क्षेत्र के लोग और परिचित लगातार मृतकों के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दे रहे हैं।


