मेरठ। सरधना क्षेत्र में पेटीएम कंपनी के टीम लीडर से हुई लूट के मामले में फरार चल रही महिला आरोपी ज्योति चौधरी को पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर फिल्मी अंदाज में चुनौती देने वाली आरोपी की गिरफ्तारी उसकी इंस्टाग्राम गतिविधियों के आधार पर संभव हो सकी। शादी के कुछ दिनों बाद पति के साथ हरिद्वार घूमने गई आरोपी की लोकेशन तकनीकी निगरानी के जरिए ट्रेस की गई।
शादी के बाद पति संग हरिद्वार पहुंची थी आरोपी
सीओ आशुतोष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी ज्योति चौधरी, थाना किठौर क्षेत्र के गांव छुछाई की निवासी है। उसकी शादी 23 जून को मोहित नागर से हुई थी। शादी के बाद दोनों हरिद्वार घूमने गए थे। फरारी के दौरान भी ज्योति लगातार इंस्टाग्राम पर सक्रिय रही, जिससे पुलिस को उसकी लोकेशन का सुराग मिला। इसके बाद शनिवार सुबह पुलिस ने हरिद्वार में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी हो चुकी थी शादी, डांस कार्यक्रमों से जुड़ा था नाम
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि ज्योति चौधरी की पहले बुलंदशहर जिले के ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर जाट निवासी सुनील उर्फ नीतू से शादी हो चुकी थी। पुलिस के मुताबिक, वह रागनी कार्यक्रमों में डांस करती थी। जांच एजेंसियों का दावा है कि महंगे शौक पूरे करने के लिए वह अपने वर्तमान पति के साथ लूट और चोरी की वारदातों में शामिल होने लगी थी।
सोशल मीडिया पर दिया था पुलिस को खुला चैलेंज
लूटकांड में नाम सामने आने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान ज्योति ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर फिल्मी अंदाज में कहा था, “शाका मारा जा सकता है, लेकिन पकड़ा नहीं जा सकता।” हालांकि, सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहना ही उसकी गिरफ्तारी की सबसे बड़ी वजह बन गया और पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे धर दबोचा।
12 जून को हुई थी पेटीएम टीम लीडर से लूट
गौरतलब है कि 12 जून की रात मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर निवासी आकाश शर्मा, जो पेटीएम कंपनी में बड़ौत जोन के टीम लीडर हैं, बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सरधना क्षेत्र के रार्धना-पाली कांवड़ पटरी मार्ग स्थित पाली पुल के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने मारपीट कर उनकी बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया था। पीड़ित ने पुलिस को बताया था कि वारदात में एक महिला भी शामिल थी।
तीन आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
सरधना पुलिस इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई बाइक, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की थी। अब महिला आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और इससे जुड़ी अन्य संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है।


