एक स्कूल को मिली शाबाशी, दूसरे में कार्रवाई: आगरा डीएम के निरीक्षण में सामने आई बड़ी खामियां
आगरा। स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जिले के दो सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एक ओर जहां प्राथमिक विद्यालय छीपीटोला में बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता और व्यवस्थाएं उत्कृष्ट पाई गईं, वहीं पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय रोहता में गंभीर लापरवाही और अव्यवस्थाएं सामने आने पर जिलाधिकारी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापिका सुनीता सक्सेना को निलंबित कर दिया।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई पूरी करने के बाद सबसे पहले प्राथमिक विद्यालय छीपीटोला का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कक्षा-3 के विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और स्वयं ब्लैकबोर्ड पर पढ़ाकर बच्चों की शैक्षणिक क्षमता का आकलन किया। बच्चों द्वारा हिंदी और अंग्रेजी की पुस्तकों का सही पठन और सवालों के सटीक उत्तर देने पर जिलाधिकारी ने उनकी सराहना की। उन्होंने विद्यालय में संचालित स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय और मिड-डे-मील व्यवस्था का भी निरीक्षण किया, जो संतोषजनक पाई गई। बेहतर शैक्षणिक वातावरण और उत्कृष्ट कार्य के लिए जिलाधिकारी ने शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय रोहता पहुंचे, जहां निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं। विद्यालय में 14 सदस्यीय स्टाफ होने के बावजूद व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमराई हुई मिलीं। जांच में रसोईघर में खाद्यान्न उपलब्ध नहीं पाया गया, जबकि विद्यालय परिसर में व्यापक गंदगी देखी गई। लाखों रुपये की लागत से उपलब्ध कराई गई स्मार्ट टीवी और खेल सामग्री का उपयोग न होकर वे धूल फांकती मिलीं।
निरीक्षण के दौरान कई छात्र-छात्राएं कक्षा समय में विद्यालय परिसर में घूमते पाए गए। इतना ही नहीं, शिक्षकों ने बच्चों के साथ मिड-डे-मील ग्रहण करने से भी इनकार कर दिया। इन गंभीर अनियमितताओं पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। प्रभारी प्रधानाध्यापिका द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शासन को विस्तृत रिपोर्ट भेजने के आदेश भी जारी किए गए।
जिलाधिकारी ने मौके पर ही बीडीओ बरौली अहीर, एडीओ पंचायत और खंड शिक्षा अधिकारी को तलब कर विद्यालय की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार सिंह समेत शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।


