36 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशएटा में भीषण सड़क हादसा: खराब रोडवेज बस में कंटेनर की टक्कर,...

एटा में भीषण सड़क हादसा: खराब रोडवेज बस में कंटेनर की टक्कर, 5 लोगों की मौत, कई घायल

एटा जनपद में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा थाना बागवाला क्षेत्र के गांव कीलरमऊ के पास उस समय हुआ, जब फर्रुखाबाद से एटा आ रही एटा डिपो की रोडवेज बस अचानक खराब हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे बस के खराब होने पर चालक ने उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया। बस को दोबारा चालू करने के प्रयास में करीब दस यात्री बस के पीछे धक्का लगा रहे थे, जबकि कुछ यात्री बस के आगे खड़े थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक कंटेनर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस को धक्का लगा रहे कई यात्री बस और कंटेनर के बीच फंस गए, जबकि आगे खड़े लोग भी हादसे की चपेट में आ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे तथा घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने राजेश (34) पुत्र रामसिंह निवासी दौलतपुर थाना नवाबगंज, सुखराम पुत्र राजपाल निवासी पिलखना, शैलेश कुमार पुत्र जोगराज सिंह निवासी उम्मरपुर थाना नवाबगंज (जनपद फर्रुखाबाद) तथा सत्येंद्र पुत्र राजकुमार निवासी भरी थाना स्याना, जनपद बुलंदशहर को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

इस हादसे में रवि पुत्र राजेश निवासी गोदेपुर थाना मोहम्मदाबाद, विक्रांत, आनंद सिंह और दक्ष समेत कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद फरार कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments