36 C
Agra
Homeआगरासीएचसी में गंदगी और खराब फायर सिस्टम पर नाराज हुईं बबीता चौहान

सीएचसी में गंदगी और खराब फायर सिस्टम पर नाराज हुईं बबीता चौहान

एत्मादपुर सीएचसी में फायर सेफ्टी और सफाई व्यवस्था पर फूटा राज्य महिला आयोग का गुस्सा

आगरा। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान ने बृहस्पतिवार को आगरा के एत्मादपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और यमुनापार के कालिंदी विहार स्थित महिला संरक्षण गृह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और फायर सेफ्टी को लेकर गंभीर खामियां सामने आईं, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एत्मादपुर सीएचसी में लगे फायर सेफ्टी उपकरण केवल औपचारिकता के तौर पर मौजूद हैं और अधिकांश उपकरण कार्यशील स्थिति में नहीं हैं। हाल ही में लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड के बाद भी अस्पताल प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने पर राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने नाराजगी जताई।

इसके अलावा अस्पताल परिसर में कई स्थानों पर गंदगी देखी गई। मरीजों और उनके परिजनों ने भी अस्पताल की सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं। बबीता चौहान ने अस्पताल प्रशासन को साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने कालिंदी विहार स्थित महिला संरक्षण गृह का निरीक्षण किया, जहां एक संवेदनशील मामला सामने आया। औरैया जिले की एक महिला पिछले दो वर्षों से अपने परिवार के वापस आने का इंतजार कर रही है, लेकिन अब तक उसके परिजन उसे लेने नहीं पहुंचे हैं।

इस भावुक मामले को गंभीरता से लेते हुए बबीता चौहान ने संबंधित अधिकारियों को महिला के परिवार की पूरी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य महिला आयोग स्वयं महिला के परिजनों से संपर्क करेगा और यह जानने का प्रयास करेगा कि आखिर किन परिस्थितियों में वे अपनी बेटी को घर वापस नहीं ले जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक महिला को सम्मान, सुरक्षा और परिवार का अधिकार मिलना चाहिए और आयोग यह सुनिश्चित करेगा कि पीड़ित महिला को न्याय और उसका अधिकार हर हाल में प्राप्त हो।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments