36.4 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशगाजियाबाद में 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या: जन्मदिन की पार्टी...

गाजियाबाद में 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या: जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाकर उतारा मौत के घाट, तीन संदिग्ध हिरासत में

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र स्थित शांतिनगर इलाके में 22 वर्षीय युवक मोहित शर्मा की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने मोहित को जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर सुनसान स्थान पर बुलाया और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जन्मदिन की पार्टी के बहाने रची गई साजिश

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात करीब ढाई बजे मोहित शर्मा अपने कुछ परिचित युवकों के साथ घर के पास एक सुनसान स्थान पर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वहां चार से पांच युवक मौजूद थे और सभी ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान आरोपियों ने अचानक मोहित पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने मोहित के पेट, सीने और गले पर कई वार किए। हमला इतना क्रूर था कि उसके पेट की गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मोहित का मोहल्ले के कुछ युवकों से पुराना विवाद चल रहा था। हालांकि, कुछ दिन पहले हुए झगड़े के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता होने और दोस्ती होने की बात भी सामने आई है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि आरोपी पहले से ही मोहित की हत्या की साजिश रच रहे थे। उनका दावा है कि आरोपी मोहित को पहले खाटू श्याम और हरिद्वार भी लेकर गए थे, जहां वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर उसे बुलाया और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने तीन संदिग्धों को लिया हिरासत में

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सहायक पुलिस आयुक्त प्रिया श्रीपाल ने बताया कि हत्या के मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

परिजनों और स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा

मोहित शर्मा की हत्या के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने राजमार्ग पर जाम लगा दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब 35 मिनट बाद जाम समाप्त कराया जा सका।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments