36 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशफिरोजाबाद ऑनर किलिंग: प्रेम विवाह के चार महीने बाद ससुराल पहुंचे युवक...

फिरोजाबाद ऑनर किलिंग: प्रेम विवाह के चार महीने बाद ससुराल पहुंचे युवक की हत्या, मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के थाना रामगढ़ क्षेत्र में प्रेम विवाह से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। आगरा निवासी 30 वर्षीय देवेश उर्फ दाऊ की कथित तौर पर उसके साले ने हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी बहन के प्रेम विवाह से नाराज था। घटना के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आगरा के टेढ़ी बगिया (आंवलखेड़ा) निवासी देवेश उर्फ दाऊ ने करीब चार महीने पहले थाना रामगढ़ क्षेत्र के छपरिया मोहल्ले की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद बृहस्पतिवार को वह पहली बार अपनी पत्नी के साथ ससुराल पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि अंतरधार्मिक प्रेम विवाह को लेकर ससुराल पक्ष में गहरी नाराजगी थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते देवेश के साथ मारपीट की गई और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। देर रात उसका शव छपरिया मोहल्ले में एक मस्जिद के पास बरामद हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

हत्या के बाद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एसओजी और सर्विलांस टीमों सहित कई विशेष टीमें गठित कीं। मृतक के चाचा की शिकायत पर थाना रामगढ़ में हत्या का मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी समीर उर्फ अत्तू हसमतनगर गड्ढा क्षेत्र में छिपा हुआ है। शुक्रवार सुबह पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी की, लेकिन आरोप है कि उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को पुलिस सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इलाके में तनाव, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई

प्रेम विवाह के बाद ससुराल आए युवक की हत्या और उसके बाद हुई पुलिस मुठभेड़ के चलते क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर छपरिया और हसमतनगर समेत संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती कर दी है। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस और एसओजी की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments