मथुरा, 30 जून: यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 से 25 यात्री घायल हो गए। यह हादसा मथुरा जिले के थाना राया क्षेत्र में माइलस्टोन 112-113 के बीच सुबह करीब 3:35 बजे हुआ, जब गोला बस सर्विस की एक वोल्वो बस आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के समय वोल्वो बस में लगभग 65 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और राहत एजेंसियां तत्काल मौके पर पहुंच गईं।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), सीओ महावन और थाना राया पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। इसके साथ ही एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने भी बचाव कार्य में तेजी दिखाई और घायलों को बस से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
सभी घायलों को उपचार के लिए मथुरा जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और वाहन चालकों से सावधानी बरतने की सलाह दी है।


