37.7 C
Agra
Homeआगराभात देकर लौट रही मैक्स को चालक की झपकी पड़ी भारी, ई-रिक्शा...

भात देकर लौट रही मैक्स को चालक की झपकी पड़ी भारी, ई-रिक्शा और बिजली के पोल से टकराई, एक दर्जन घायल

आगरा, फतेहाबाद। आगरा के फतेहाबाद कस्बे में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब भात समारोह से लौट रही एक मैक्स गाड़ी चालक को नींद की झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर पहले सब्जियों से भरी ई-रिक्शा से टकराई और फिर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल में जा घुसी। हादसे में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैक्स चालक सुनील कुमार, पुत्र डरेलाल, निवासी नेहरेकापुरा थाना निबोहरा, अपने भांजे कृष्णा, पुत्र ओमवीर, निवासी शुजातगढ़, फिरोजाबाद के यहां भात समारोह में शामिल होकर शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे अपने गांव लौट रहा था। मैक्स वाहन में लगभग 30 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि फतेहाबाद कस्बे के फिरोजाबाद रोड बाईपास पर पहुंचते ही चालक सुनील कुमार को अचानक नींद की झपकी आ गई। इसके चलते मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा से आ रही सब्जियों से लदी ई-रिक्शा से टकरा गई। टक्कर के बाद वाहन सड़क किनारे खड़े विद्युत पोल से जा भिड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के दौरान तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे वाहन में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। गनीमत यह रही कि टक्कर के बावजूद विद्युत पोल टूटकर मैक्स वाहन के ऊपर नहीं गिरा। यदि ऐसा होता तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।

इस सड़क दुर्घटना में श्यामा देवी पत्नी धाराजीत, गोला देवी पत्नी नौबत सिंह, इंद्री पत्नी भोजराज, सुनीता पत्नी चेतराम, मोहिनी पुत्री चेतराम, सोनम पुत्री श्रीकांत, प्रवीण पुत्र नेमी सिंह, योगेश पुत्र मोहन सिंह सहित सब्जी से भरी ई-रिक्शा के चालक राजू पुत्र पप्पू निवासी सिलावली, थाना फतेहाबाद घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक को आई नींद की झपकी को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments