42.4 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशउत्तर प्रदेश की चार विभूतियों को मिला पद्मश्री सम्मान, CM योगी ने...

उत्तर प्रदेश की चार विभूतियों को मिला पद्मश्री सम्मान, CM योगी ने दी बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार शाम राष्ट्रपति भवन के ऐतिहासिक दरबार हॉल में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह-II में वर्ष 2026 के पद्म पुरस्कार प्रदान किए। इस प्रतिष्ठित समारोह में उत्तर प्रदेश की चार विशिष्ट हस्तियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सभी सम्मानित विभूतियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियों ने उत्तर प्रदेश का गौरव राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर भी बढ़ाया है।

कांसा नक्काशी को वैश्विक पहचान दिलाने वाले चिरंजी लाल यादव सम्मानित

कला के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित चिरंजी लाल यादव ने पांच दशकों से अधिक समय तक विलुप्त होती पारंपरिक कांसा नक्काशी कला को संरक्षित और विकसित करने का कार्य किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनके अथक प्रयासों से इस पारंपरिक शिल्प को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। उनका योगदान उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला है।

स्वर्गीय रघुपत सिंह को कृषि क्षेत्र में मरणोपरांत पद्मश्री

कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्वर्गीय रघुपत सिंह को मरणोपरांत पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया। उन्होंने 50 वर्षों से अधिक समय तक पारंपरिक बीजों के संरक्षण और संवर्धन के लिए अपना जीवन समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जैव विविधता के संरक्षण और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में उनका योगदान भारतीय कृषि के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

रंगकर्मी अनिल कुमार रस्तोगी को कला क्षेत्र में मिला सम्मान

लखनऊ के प्रख्यात रंगकर्मी, वैज्ञानिक और विद्वान अनिल कुमार रस्तोगी को कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया। उन्होंने 1,000 से अधिक नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय रंगमंच को नई पहचान दिलाई। इसके अलावा उनके शोध कार्य और वैश्विक नाट्य महोत्सवों में सहभागिता ने भारतीय संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान दिलाया।

दुर्लभ रागों के संरक्षण के लिए प्रो. मंगला कपूर को पद्मश्री

संगीतविद् एवं शिक्षाविद् प्रो. मंगला कपूर को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान मिला। उन्होंने लुप्तप्राय एवं दुर्लभ रागों का दस्तावेजीकरण किया और 40 से अधिक मौलिक संगीत रचनाओं का संकलन तैयार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका समर्पण भारतीय संगीत परंपरा को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

CM योगी बोले- उत्तर प्रदेश का बढ़ाया सम्मान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पद्मश्री से सम्मानित सभी विभूतियों की असाधारण प्रतिभा, समर्पण और उपलब्धियों ने उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने सभी सम्मानित हस्तियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका जीवन समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments