मथुरा। गोवर्धन के पवित्र राधाकुंड में शुक्रवार तड़के स्नान के दौरान एक 19 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और युवक के परिजनों व दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी प्रयास के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, थाना अछनेरा क्षेत्र के ग्राम नागर निवासी पवन सिंह (19) अपने दोस्तों कान्हा और शांतनु के साथ गोवर्धन परिक्रमा एवं दर्शन के लिए आए थे। शुक्रवार तड़के करीब दो बजे तीनों मित्र राधाकुंड में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान पवन अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और देखते ही देखते डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और लोगों की सहायता से युवक की तलाश शुरू कराई। कई घंटों की मशक्कत के बाद पवन का शव पानी से बाहर निकाला गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजन और उसके साथ आए साथी गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


