आगरा। आगरा-ग्वालियर हाईवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सिकंदरपुर के पास उस समय हुआ, जब एक कार का टायर अचानक फटने से वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी दिशा से आ रही कार से जा टकराई।
टायर फटते ही डिवाइडर पार कर गई कार
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के दतिया जिले की रहने वाली उर्मिला तिवारी अपने परिवार के साथ आगरा से दतिया-झांसी स्थित अपने गांव लौट रही थीं। बुधवार सुबह करीब 5:55 बजे उनकी कार सिकंदरपुर क्षेत्र में आगरा-ग्वालियर हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार का टायर अचानक फट गया। टायर फटने के कारण कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर पार करते हुए विपरीत दिशा में पहुंच गई, जहां उसकी सीधी टक्कर उर्मिला तिवारी की कार से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन पलट गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मची चीख-पुकार, स्थानीय लोगों ने की मदद
हादसे के बाद दोनों कारों में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने पुलिस के आने से पहले ही राहत कार्य शुरू कर दिया और वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को कारों से बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैंया और एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। गंभीर रूप से घायल मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद एसएन हॉस्पिटल रेफर किया गया।
महिला समेत तीन लोगों की मौत
अस्पताल में उपचार के दौरान महिला समेत तीन लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
घायलों की पहचान
हादसे में घायल लोगों में मध्य प्रदेश के दतिया निवासी उर्मिला तिवारी, विवेक तिवारी और लाठी तिवारी शामिल हैं। वहीं राजस्थान के धौलपुर जिले के थाना सैफऊ क्षेत्र के रहने वाले मनमोहन, रोहित शर्मा, रिंकू शर्मा समेत अन्य लोग भी घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि दूसरी कार में सवार कुछ लोग परीक्षा देने के लिए आगरा जा रहे थे।


