बदहाल रास्ते को लेकर ग्रामीणों का हंगामा, प्रशासन ने आनन-फानन में शुरू कराया मरम्मत कार्य
आगरा। विकासखंड अछनेरा की ग्राम पंचायत रुनकता के जगरेला मोहल्ले में लंबे समय से बदहाल पड़े रास्ते को लेकर ग्रामीणों और किसान नेताओं के विरोध के बाद शुक्रवार को प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आए। आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे जाम करने की चेतावनी के मद्देनजर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। जानकारी के अनुसार, किसान मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह को संभावित प्रदर्शन को देखते हुए शुक्रवार सुबह से ही शाहगंज पुलिस ने उनके अर्जुन नगर स्थित आवास पर नजरबंद कर दिया। वहीं, दूसरी ओर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और महिलाओं ने किसान मजदूर नेता धीरज सिकरवार के नेतृत्व में रुनकता चौराहे पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ नारेबाजी करते हुए खराब सड़क के निर्माण की मांग उठाई।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एसीपी हरिपर्वत अमीषा सिंह, नायब तहसीलदार शुभ्रा अवस्थी, कानूनगो अनिल सोलंकी, रुनकता चौकी प्रभारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण तत्काल सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने पहले भी सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन निर्धारित समय पर कार्य शुरू नहीं कराया गया। इससे नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़क पर मिट्टी के चार डंपर डलवाकर मरम्मत कार्य शुरू कराया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद अधिकारियों के आश्वासन और काम शुरू होने पर ग्रामीण शांत हुए और अपने घर लौट गए। हालांकि, किसान मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह और धीरज सिकरवार ने प्रशासन की इस कार्रवाई को अस्थायी समाधान बताते हुए कहा कि केवल मिट्टी डलवाने से समस्या का स्थायी निस्तारण संभव नहीं है। साथ ही, ग्रामीणों ने रुनकता ग्राम सचिव वीरेंद्र सिंह पर लापरवाही और उदासीनता का आरोप लगाते हुए उनके निलंबन की मांग एक बार फिर दोहराई।


