हरियाणवी इंडस्ट्री की चर्चित डांसर और ‘बिग बॉस 11’ फेम सपना चौधरी एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका प्रोफेशनल करियर नहीं बल्कि निजी जीवन है। सपना चौधरी ने अपने पति वीर साहू पर घरेलू हिंसा और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए द्वारका महिला कोर्ट ने उन्हें अंतरिम सुरक्षा प्रदान की है।
पति के खिलाफ कोर्ट पहुंचीं सपना चौधरी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सपना चौधरी ने महिला अदालत में याचिका दायर कर आरोप लगाया कि उनके पति ने कई बार उनके साथ मारपीट की और सार्वजनिक स्थानों पर भी विवाद खड़ा किया। उन्होंने कोर्ट को बताया कि हालात इतने बिगड़ गए कि उन्हें अपने बच्चों के साथ घर छोड़ना पड़ा।
सपना की ओर से पेश की गई याचिका में उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा के साथ-साथ उनके प्रोफेशनल कामकाज में संभावित बाधाओं का भी उल्लेख किया गया। अभिनेत्री ने अदालत से तत्काल राहत की मांग की थी।
कोर्ट ने वीर साहू पर लगाया संपर्क करने का प्रतिबंध
मामले की सुनवाई कर रही न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि सिंह ने प्रारंभिक साक्ष्यों को देखते हुए सपना चौधरी को अंतरिम राहत प्रदान की। अदालत ने आदेश दिया कि अगली सुनवाई तक वीर साहू न तो सपना चौधरी से संपर्क करेंगे और न ही उनके घर या कार्यस्थल के आसपास जाएंगे। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रतिवादी किसी भी प्रकार की घरेलू हिंसा या उत्पीड़न की कार्रवाई नहीं करेंगे। साथ ही स्थानीय पुलिस और प्रोटेक्शन ऑफिसर को आदेशों के पालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
चोटों की तस्वीरें और इलेक्ट्रॉनिक सबूत कोर्ट में पेश
याचिका के साथ सपना चौधरी ने कथित चोटों की तस्वीरें, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य भी अदालत में जमा किए। उपलब्ध सामग्री का अवलोकन करने के बाद कोर्ट ने माना कि प्रथम दृष्टया मामले में कार्रवाई और अंतरिम संरक्षण दिए जाने के पर्याप्त आधार मौजूद हैं।
25 जुलाई को होगी अगली सुनवाई
अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई को निर्धारित की है। इस दौरान कोर्ट द्वारा जारी अंतरिम आदेश प्रभावी रहेंगे।
2020 में हुई थी सपना और वीर साहू की शादी
गौरतलब है कि सपना चौधरी और वीर साहू ने वर्ष 2020 में कोर्ट मैरिज की थी। दोनों ने करीब चार साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद शादी का फैसला लिया था। इस दंपति के दो बेटे हैं। उनके बड़े बेटे पोरस का जन्म 2020 में हुआ था, जबकि दूसरे बेटे शाहबीर का जन्म 2024 में हुआ।
प्रोफेशनल फ्रंट पर भी चर्चित हैं सपना चौधरी
सपना चौधरी हरियाणवी मनोरंजन जगत का बड़ा नाम हैं। वह टीवी के लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस 11’ के अलावा ‘द 50’ जैसे कार्यक्रमों में भी नजर आ चुकी हैं। उनके डांस वीडियो और स्टेज परफॉर्मेंस आज भी लाखों दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।


