30 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशरायबरेली में CM योगी का बड़ा ऐलान: 879 करोड़ की परियोजनाओं की...

रायबरेली में CM योगी का बड़ा ऐलान: 879 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, राहुल गांधी पर साधा निशाना

रायबरेली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रायबरेली पहुंचे, जहां उन्होंने जिले को करीब 879 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राना बेनी माधव बख्श सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए उनके नाम पर बने ऑडिटोरियम का लोकार्पण किया और डाक टिकट जारी किया।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह करीब 10:30 बजे रायबरेली पुलिस लाइन पहुंचा। इसके बाद वह अमोल विहार पहुंचे, जहां करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार राना बेनी माधव बख्श सिंह ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर स्मारिका का विमोचन भी हुआ। सीएम योगी ने कहा कि राना बेनी माधव बख्श सिंह जैसे स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान देश की नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जो समाज अपने इतिहास और पूर्वजों को भूल जाता है, उसका भविष्य मजबूत नहीं हो सकता।

फिरोज गांधी कॉलेज में सीएम योगी की जनसभा

ऑडिटोरियम कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री फिरोज गांधी कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित किया। इससे पहले उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें करीब 300 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं भी शामिल हैं। जनसभा में मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के साथ-साथ विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर कई गंभीर आरोप लगाए।

राहुल गांधी पर सीएम योगी का हमला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी का नाम लेते हुए कहा कि एक व्यक्ति के तौर पर देश को उनसे कोई अपेक्षा नहीं है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष होने के नाते उन्हें संसद और लोकतंत्र के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। सीएम ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत की परंपरा और विरासत पर सवाल उठाते हैं तथा उत्तर प्रदेश और देश के बारे में विदेशों में जाकर नकारात्मक बातें करते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की शपथ लेने वाले नेता से लोकतांत्रिक संस्थाओं और देश की विरासत के प्रति जिम्मेदारी की अपेक्षा की जाती है।

आपातकाल और मौजूदा राजनीति का किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में वर्ष 1975 के आपातकाल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश उस दौर की ‘काली छाया’ को आज भी नहीं भूला है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की सेना जब सीमा पर दुश्मनों से मुकाबला करती है तो उससे सवाल किए जाते हैं, जबकि दूसरी ओर देश की सांस्कृतिक विरासत को लेकर भी विवाद खड़े किए जाते हैं।

कांग्रेस पर लगाया देश को लूटने का आरोप

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेठी और रायबरेली लंबे समय तक एक राजनीतिक परिवार के प्रभाव में रहे, लेकिन इसके बावजूद दोनों जिलों के सामने विकास और पहचान का संकट बना रहा।

काकोरी कांड का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के क्रांतिकारियों ने ब्रिटिश सरकार के खजाने को कब्जे में लिया था, लेकिन कांग्रेस के शासनकाल में इसे ‘काकोरी ट्रेन लूट’ जैसे शब्दों से प्रचारित किया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश को लूटने का काम कांग्रेस ने किया।

विभाजन और वीर सावरकर का भी किया उल्लेख

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ने भारत का निर्माण नहीं किया, बल्कि देश के विभाजन के लिए जिम्मेदार रही। उन्होंने वीर सावरकर के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि कम उम्र में ही उन्हें दोहरे आजीवन कारावास की सजा दी गई थी और उन्होंने कठिन परिस्थितियों में स्वतंत्रता संग्राम में योगदान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों ने स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों को वह सम्मान नहीं दिया जिसके वे हकदार थे।

भाजपा सरकार ने महापुरुषों को दिया सम्मान: योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार देश की सांस्कृतिक विरासत और महापुरुषों को सम्मान देने का काम कर रही है। उन्होंने अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि के नाम पर एयरपोर्ट, निषादराज के नाम पर विश्रामालय और शबरी माता के नाम पर भोजनालय का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि भगवान राम और देश के महापुरुषों के सम्मान के साथ-साथ स्वतंत्रता संग्राम के उन नायकों को भी पहचान दिलाई जा रही है, जिनका योगदान इतिहास के पन्नों में दब गया।

वीर पासी की प्रतिमा लगाने की मांग

राना बेनी माधव बख्श सिंह के साथ स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका निभाने वाले वीर पासी को भी मुख्यमंत्री ने याद किया। उन्होंने कहा कि वीर पासी की प्रतिमा भी स्थापित की जानी चाहिए।योगी ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान देने वाले प्रत्येक वीर का सम्मान करना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है।

रायबरेली को विकास के साथ मिला राजनीतिक संदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का रायबरेली दौरा विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के साथ-साथ राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। करीब 879 करोड़ रुपये की परियोजनाओं, राना बेनी माधव बख्श सिंह की स्मृति को सम्मान और जनसभा के जरिए सीएम ने विकास, राष्ट्रवाद और विरासत के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments