लखनऊ: देशभर में पेपर लीक के मुद्दे पर हो रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन दलों ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया, वही आज छात्रों के हितैषी बनने का दिखावा कर रहे हैं।
‘घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं कांग्रेस और सपा’
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जिन लोगों ने अपने शासनकाल में युवाओं का शोषण किया और छात्रों के भविष्य को अंधकारमय बनाया, वे आज पेपर लीक के मुद्दे पर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। उनके अनुसार, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने पहले युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया और अब राजनीति कर रही हैं।
Anti-Cheating Law की जमकर सराहना
सीएम योगी ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए Anti-Cheating Law की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस कानून के तहत परीक्षा में धांधली और नकल कराने वाले माफियाओं को 10 साल तक की सजा और ₹10 करोड़ तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने इसे छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम बताया।
‘पहले नौकरी पर सैफई सिंडिकेट डालता था डकैती’
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार और वसूली का खेल चलता था। उन्होंने आरोप लगाया कि 2012 से 2017 के बीच हुई अधिकांश भर्तियां विवादों में रहीं, जहां मेरिट की अनदेखी हुई और योग्य अभ्यर्थियों को अवसर नहीं मिला।
‘9 वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी’
मुख्यमंत्री योगी ने दावा किया कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया। उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश सरकार ने 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई है।
‘सपा के एजेंडे में कभी विकास नहीं रहा’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी के एजेंडे में विकास कभी प्राथमिकता नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले अवैध कब्जे, ठेके और लीज का नेटवर्क चलता था, लेकिन अब सरकार की सख्ती के कारण ऐसे कार्य बंद हो चुके हैं। इसी वजह से विपक्ष निराशा में है।
₹2,105 करोड़ की 552 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
अपने संबोधन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फतेहपुर, जालौन और आगरा के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए ₹2,105 करोड़ से अधिक लागत वाली 552 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र, किट और चेक भी वितरित किए। इससे पहले उन्होंने शामली में ₹581 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी।


