रुद्रपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने रुद्रपुर क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया। हादसे में जान गंवाने वाले सूबेदार सत्यवान सिंह, उनके इकलौते बेटे गौरव, बड़े भाई रामसमुझ और रुद्रपुर नगर के सभासद राजन चौधरी के पार्थिव शरीर सोमवार सुबह उनके घर पहुंचे। अपनों के शव देखते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग घरों और अंतिम यात्रा में उमड़ पड़े।
तिरंगे में लिपटे पहुंचे सूबेदार और परिजनों के पार्थिव शरीर
सूबेदार सत्यवान सिंह, उनके इकलौते बेटे गौरव और बड़े भाई रामसमुझ के पार्थिव शरीर सेना की गाड़ी से गहिला दुधैला गांव लाए गए। सूबेदार समेत तीनों के पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटे हुए थे। शव गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा रहा। अंतिम दर्शन के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। हर आंख नम थी और लोग परिवार को सांत्वना देते नजर आए।
सभासद राजन चौधरी के घर भी मचा कोहराम
हादसे में जान गंवाने वाले रुद्रपुर नगर के सभासद राजन चौधरी का पार्थिव शरीर एंबुलेंस से भरटोला स्थित उनके आवास पर पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। नगर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
तीन किलोमीटर लंबी रही अंतिम यात्रा
गहिला दुधैला गांव से सूबेदार सत्यवान सिंह, उनके बेटे गौरव और भाई रामसमुझ की अंतिम यात्रा निकली तो सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुट गई। करीब तीन किलोमीटर लंबी शव यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। तिरंगे में लिपटे सूबेदार सत्यवान सिंह के पार्थिव शरीर के साथ उनके इकलौते बेटे और बड़े भाई की अंतिम यात्रा का दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला था। लोगों ने नम आंखों से तीनों को अंतिम विदाई दी। इसी तरह रुद्रपुर में सभासद राजन चौधरी की अंतिम यात्रा में भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अंतिम विदाई दी।

बैकुंठ धाम में एक साथ जलीं चार चिताएं
चारों मृतकों के पार्थिव शरीर को रुद्रपुर के बथुआ नदी स्थित बैकुंठ धाम ले जाया गया। यहां एक साथ चार चिताएं सजाई गईं। जब चारों चिताओं को एक साथ मुखाग्नि दी गई तो अंतिम संस्कार में मौजूद लोगों की आंखें छलक उठीं। सूबेदार सत्यवान सिंह को सेना के जवानों ने अंतिम सलामी दी। सैन्य सम्मान के बीच हुई अंतिम विदाई ने माहौल को और भावुक कर दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही समेत जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
अंत्येष्टि स्थल पर उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी पहुंचे। उन्होंने मृतकों के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके अलावा एमएलसी रतन पाल सिंह, विधायक जयप्रकाश निषाद, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष छट्ठेलाल निगम, पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह और पूर्व विधायक अखिलेश प्रताप सिंह ने भी मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
चार मौतों से पूरे रुद्रपुर क्षेत्र में शोक की लहर
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे हादसे में एक साथ चार लोगों की मौत से रुद्रपुर क्षेत्र में शोक की लहर है। एक परिवार के तीन सदस्यों को खोने का दर्द और सभासद राजन चौधरी की असामयिक मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। अंतिम यात्रा में शामिल लोगों के चेहरों पर हादसे का दर्द साफ दिखाई दे रहा था। चारों मृतकों को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई।


