33 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशपुरकाजी में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कॉर्पियो और डंपर की टक्कर में 4...

पुरकाजी में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कॉर्पियो और डंपर की टक्कर में 4 की मौत, दो गंभीर घायल

मुजफ्फरनगर/पुरकाजी: लक्सर में आयोजित जन्मदिन समारोह से वापस लौट रहा एक परिवार सोमवार देर रात सड़क हादसे का शिकार हो गया। पुरकाजी क्षेत्र में लक्सर मार्ग पर भैंसलीवाला गांव के पास तेज रफ्तार डंपर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।इस दुर्घटना में प्रॉपर्टी डीलर और उत्तराखंड में होटल कारोबारी आदेश समेत परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जन्मदिन समारोह से लौट रहा था परिवार

बताया गया कि मुजफ्फरनगर के नई मंडी निवासी आदेश के मौसा और लक्सर निवासी राधेश्याम का सोमवार को 75वां जन्मदिन था। समारोह में शामिल होने के बाद रात करीब 11 बजे आदेश अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ स्कॉर्पियो से पुरकाजी लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी पुरकाजी क्षेत्र में लक्सर मार्ग पर भैंसलीवाला गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे डंपर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास मौजूद लोगों को तेज धमाके की आवाज सुनाई दी।

राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकालकर पुरकाजी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने आदेश (49), निशा (38), उनकी बेटी श्रद्धा (10) और राखी (35) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल आदेश की पत्नी रूबी और परिवार की सदस्य कुसुम को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों का उपचार जारी है।

डंपर चालक की तलाश जारी

कार्यवाहक थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य कराया और घायलों को अस्पताल भेजा गया। हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments