फिरोजाबाद के थाना दक्षिण क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पत्नी को ससुराल से विदा न किए जाने पर नाराज एक युवक ने अपनी साली के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी को लेने आया था आरोपी
जानकारी के अनुसार, थाना दक्षिण क्षेत्र के हिमायूंपुर निवासी सत्य प्रकाश की बड़ी बेटी उमा की शादी मथुरा निवासी अजय सिंह से हुई थी। पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद के चलते उमा पिछले कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी। बताया गया कि गुरुवार रात अजय सिंह अपनी पत्नी को वापस ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा। हालांकि, उमा की तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए परिजनों ने उसे फिलहाल विदा करने से इनकार कर दिया। इसी बात से आरोपी नाराज हो गया।
भांजे को दवा दिलाने जा रही थी साली
इसी दौरान उमा की छोटी बहन प्राची अपने भांजे आयुष को दवा दिलाने के लिए घर से निकल रही थी। आरोप है कि अजय सिंह ने रास्ते में उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले में प्राची घायल हो गई। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना के बाद पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया। थाना दक्षिण पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी अजय सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


