आगरा। कुबेरपुर क्षेत्र में रविवार देर रात NH-19 पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भागूपुर पुल के ऊपर ओवरटेक करने के दौरान एक क्विड कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद कार पलट गई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। कार में फंसे तीन युवकों की जान उस समय खतरे में पड़ गई। हादसे के दौरान मौके पर गश्त कर रहे थाना एत्मादपुर के उप निरीक्षक अवनीश अग्निहोत्री ने साहस और तत्परता दिखाते हुए जलती कार का शीशा तोड़ा और तीनों युवकों को बाहर निकाल लिया। एसआई की इस कार्रवाई से तीनों की जान बच गई।
ओवरटेक करते समय बिगड़ा कार का संतुलन
जानकारी के मुताबिक, फिरोजाबाद के कोटला निवासी जतिन (20), पुत्र परविंदर कुशवाह, पवन (20), पुत्र सुनील और रुद्र (22), पुत्र मनीष पचौरी कार में सवार थे। कार रुद्र चला रहा था। बताया जा रहा है कि तीनों युवक फिरोजाबाद से आगरा की ओर जा रहे थे। भागूपुर पुल के ऊपर ओवरटेक करने के प्रयास में कार अचानक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद कार में आग भड़क उठी।
जलती कार में फंसे थे तीनों युवक
कार के पलटते ही उसमें आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान कांवड़ ड्यूटी में गश्त कर रहे उप निरीक्षक अवनीश अग्निहोत्री अपने हमराह आरक्षी के साथ वहां पहुंचे। एसआई ने देखा कि कार धू-धू कर जल रही है और उसके अंदर से युवकों की चीख-पुकार सुनाई दे रही है। हालात की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया।
शीशा तोड़कर तीनों को निकाला बाहर
अवनीश अग्निहोत्री ने बिना समय गंवाए कार का शीशा तोड़ा और कड़ी मशक्कत के बाद एक-एक कर तीनों युवकों को जलती कार से बाहर निकाल लिया। समय रहते युवकों को बाहर निकाल लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अगर पुलिसकर्मी कुछ देर और पहुंचते तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। एसआई अवनीश अग्निहोत्री की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।


